नई दिल्ली: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने एक कड़ा फैसला लेते हुए पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) 2026 के आगामी सीजन के दौरान दर्शकों के स्टेडियम में प्रवेश पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया है।
बोर्ड ने यह निर्णय सुरक्षा कारणों और पश्चिम एशिया (मिडिल ईस्ट) में चल रहे युद्ध के हालातों को देखते हुए लिया है। पीसीबी के इस फैसले से बोर्ड को करोड़ों रुपये के राजस्व का नुकसान होना तय है, लेकिन सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई है।
पीसीबी के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने रविवार को स्पष्ट किया कि ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के कारण मौजूदा स्थितियां सामान्य नहीं हैं। इस संकट का असर पाकिस्तान के पड़ोसी देशों और वैश्विक तेल आपूर्ति पर भी पड़ा है। नकवी के अनुसार, सरकार और सुरक्षा एजेंसियों के साथ लंबी चर्चा के बाद यह तय किया गया कि जब तक हालात में सुधार नहीं होता, तब तक खाली स्टेडियमों में ही मैच आयोजित किए जाएंगे।
26 मार्च से शुरू होने वाला यह टूर्नामेंट इस बार केवल दो शहरों—कराची और लाहौर—तक ही सीमित रहेगा। आमतौर पर यह लीग पाकिस्तान के छह शहरों में खेली जाती है, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों के कारण इसके दायरे को छोटा कर दिया गया है। इसके अलावा, लीग की भव्य ओपनिंग सेरेमनी (उद्घाटन समारोह) को भी रद्द कर दिया गया है। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला लाहौर कलंदर्स और हैदराबाद किंग्समैन के बीच खेला जाएगा।
जिन क्रिकेट प्रेमियों ने मैचों के लिए पहले ही टिकट खरीद लिए थे, उन्हें निराश होने की जरूरत नहीं है। पीसीबी ने आश्वासन दिया है कि अगले 72 घंटों के भीतर सभी टिकटों का पूरा रिफंड कर दिया जाएगा। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भी देशवासियों से अपील की है कि तेल संकट और सुरक्षा स्थितियों को देखते हुए अपनी गतिविधियों को सीमित रखें, जिसके चलते स्कूल और कई संस्थानों में भी बदलाव किए गए हैं।



