चेन्नई सुपर किंग्स के प्रशंसकों के लिए एक निराशाजनक खबर सामने आई है। टीम के करिश्माई खिलाड़ी और पूर्व कप्तान एमएस धोनी आईपीएल 2026 के शुरुआती कुछ मैचों में एक्शन में नजर नहीं आएंगे।
फ्रेंचाइजी ने शनिवार को आधिकारिक पुष्टि की है कि धोनी वर्तमान में काफ स्ट्रेन (पिंडली की मांसपेशियों में खिंचाव) से जूझ रहे हैं और रिहैबिलिटेशन प्रक्रिया से गुजर रहे हैं। सोमवार को गुवाहाटी में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ होने वाले टीम के पहले मैच से ठीक दो दिन पहले यह महत्वपूर्ण अपडेट आया है।
धोनी की अनुपस्थिति में, हाल ही में ट्रेड के जरिए टीम में शामिल हुए संजू सैमसन विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभालेंगे। हालांकि सीएसके ने 44 वर्षीय धोनी की वापसी के लिए कोई निश्चित समय सीमा नहीं दी है, लेकिन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर जारी बयान में कहा गया है कि उनके कम से कम दो सप्ताह तक बाहर रहने की संभावना है। इसका मतलब है कि धोनी राजस्थान रॉयल्स के अलावा पंजाब किंग्स (3 अप्रैल), रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (5 अप्रैल) और दिल्ली कैपिटल्स (11 अप्रैल) के खिलाफ होने वाले मुकाबलों में भी टीम का हिस्सा नहीं बन पाएंगे।
Official Statement
— Chennai Super Kings (@ChennaiIPL) March 28, 2026
MS Dhoni is currently undergoing rehabilitation for a calf strain. As a result, he is likely to miss the first two weeks of TATA IPL 2026.
Get well soon, Thala! 💛🦁 pic.twitter.com/4dgmt5EWFi
आईपीएल 2026 के शुरू होने से पहले ही धोनी के भविष्य को लेकर काफी चर्चाएं गर्म हैं। यह टूर्नामेंट का 19वां सीजन है और धोनी, विराट कोहली, रोहित शर्मा और मनीष पांडे के साथ उन चुनिंदा खिलाड़ियों में शामिल हैं जो सभी सीजन का हिस्सा रहे हैं।
यदि धोनी इस सीजन के बाद के मैचों में मैदान पर उतरते हैं, तो वह प्रवीण तांबे को पछाड़कर आईपीएल खेलने वाले सबसे उम्रदराज भारतीय खिलाड़ी बन जाएंगे। पिछले सीजन में सीएसके का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था और टीम अंक तालिका में सबसे नीचे रही थी, ऐसे में फैंस को उम्मीद है कि ‘थाला’ जल्द स्वस्थ होकर वापसी करेंगे।



