नई दिल्ली छह बार की विश्व चैंपियन मुक्केबाज मैरी कॉम और उनके पूर्व पति करुंग ओंखोलर (ओन्लर) के बीच का विवाद अब सार्वजनिक रूप से विस्फोटक हो गया है।
मैरी कॉम ने हाल ही में लोक अदालत में ओन्लर पर करोड़ों रुपये की हेराफेरी, उनकी संपत्ति गिरवी रखने और उनके नाम पर कर्ज लेने के आरोप लगाए थे। अब ओन्लर ने इन आरोपों पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए मैरी के निजी जीवन को लेकर चौंकाने वाले खुलासे किए हैं।
विवाहेतर संबंधों के आरोप
ओन्लर ने दावा किया कि उनके और मैरी के बीच तनाव का असली कारण वित्तीय नहीं, बल्कि मैरी के अन्य पुरुषों के साथ संबंध थे। उन्होंने आरोप लगाया कि 2013 में मैरी का एक जूनियर बॉक्सर के साथ अफेयर था, जिसे बाद में पारिवारिक समझौते के जरिए सुलझाया गया। ओन्लर ने आगे दावा किया कि 2017 से मैरी अपनी ही ‘मैरी कॉम बॉक्सिंग एकेडमी’ में काम करने वाले एक व्यक्ति के साथ रिश्ते में हैं। उन्होंने कहा, “मेरे पास सबूत के तौर पर उनके व्हाट्सएप मैसेज और उस व्यक्ति का नाम भी है।”
“दोषी ठहराना बंद करें”
तलाक के बाद मैरी के निजी फैसलों पर टिप्पणी करते हुए ओन्लर ने कहा, “वह अकेले रहना चाहती थीं और किसी और के साथ रिश्ता रखना चाहती थीं। हमारा तलाक हो चुका है, वह दूसरा पति चुनें मुझे कोई आपत्ति नहीं है। लेकिन मुझे सार्वजनिक रूप से दोषी न ठहराएं। अगर उन पर चोरी के आरोप हैं, तो सबूत दिखाएं।”
वित्तीय स्थिति पर दी सफाई
मैरी द्वारा लगाए गए 5 करोड़ रुपये की चोरी के आरोप पर ओन्लर ने अपनी वर्तमान स्थिति का हवाला दिया। उन्होंने कहा, “18 साल साथ रहने के बाद आज मेरे पास क्या है? मैं दिल्ली में एक किराए के मकान में रह रहा हूँ। अगर मैंने करोड़ों की चोरी की होती, तो मेरी यह हालत नहीं होती। मेरा अकाउंट चेक कर लीजिए।” उन्होंने मैरी के दावों को ‘पागलपन’ करार देते हुए कहा कि एक सेलिब्रिटी होने के नाते लोग उनकी बात सुन रहे हैं, लेकिन सच्चाई कुछ और है।



