नई दिल्ली: इंग्लैंड दौरे पर भारतीय टीम (Team India) की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। लीड्स में हार और एजबेस्टन में मिली एकमात्र जीत के बाद मैनचेस्टर टेस्ट (Manchester Test) में टीम इंडिया एक बार फिर संघर्ष करती नजर आ रही है। बल्लेबाजों और गेंदबाजों की असंगतता के कारण कप्तान शुभमन गिल (Shubman Gill) और कोचिंग स्टाफ को आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है।
टीम चयन को लेकर विशेष रूप से सवाल तब उठने लगे जब एक युवा खिलाड़ी को केवल आईपीएल (IPL 2025) में प्रदर्शन के आधार पर टेस्ट टीम में शामिल किया गया — और वह विदेशी पिचों पर पूरी तरह नाकाम साबित हुआ।
IPL के प्रदर्शन से टेस्ट टीम तक, लेकिन इंग्लैंड में रही निराशा
हम बात कर रहे हैं युवा बल्लेबाज साई सुदर्शन (Sai Sudharshan) की। आईपीएल 2025 में गुजरात टाइटंस के लिए शानदार 759 रन बनाने वाले सुदर्शन ने टूर्नामेंट के टॉप रन स्कोरर बनकर सबका ध्यान खींचा था। इसी प्रदर्शन के आधार पर उन्हें एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के लिए टीम इंडिया (Team India) में शामिल किया गया।
20 जून को लीड्स टेस्ट में उन्हें डेब्यू का मौका मिला, लेकिन पहले ही मैच में बल्ला खामोश रहा। पहली पारी में बिना खाता खोले आउट हुए और दूसरी पारी में 30 रन ही बना सके।
फिर भी मिला मौका, फिर भी फ्लॉप
करुण नायर (Karun Nair) के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद साईं को मैनचेस्टर टेस्ट में एक और मौका दिया गया। पहली पारी में उन्होंने 61 रन की जुझारू पारी जरूर खेली, लेकिन दूसरी पारी में फिर से ‘डक’ पर आउट होकर आलोचना का शिकार हो गए।
गंभीर की चयन रणनीति पर उठे सवाल
गौतम गंभीर (Gautam Gambhir) के कोच बनने के बाद टीम इंडिया की चयन नीति में आईपीएल प्रदर्शन को अहमियत दी गई। हालांकि टेस्ट क्रिकेट की अलग चुनौतियों के चलते यह रणनीति अब सवालों के घेरे में है। सुदर्शन जैसे खिलाड़ियों को अनुभव और फॉर्मेट के अनुरूप तैयार किए बिना सीधे बड़े टेस्ट मुकाबलों में उतारना टीम के लिए भारी पड़ रहा है।
क्या आगे मिलेगा मौका?
साईं सुदर्शन की टेस्ट पारी ने यह स्पष्ट कर दिया है कि सिर्फ टी20 प्रदर्शन के आधार पर टेस्ट टीम में जगह पक्की नहीं हो सकती। इंग्लैंड जैसे चुनौतीपूर्ण दौरे पर अनुभवहीन खिलाड़ियों को मौका देना जोखिम भरा साबित हो रहा है। अब देखना होगा कि चयनकर्ता और कोचिंग स्टाफ आगे कैसी रणनीति अपनाते हैं-और क्या साईं सुदर्शन को भविष्य में और मौके मिलते हैं या नहीं।



