नई दिल्ली: कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में रविवार का दिन भारतीय महिला क्रिकेट टीम के लिए यादगार बन गया। हरमनप्रीत कौर (Harmanpreet Kaur) की कप्तानी में भारत ने महिला विश्व कप (Women’s Cricket World Cup) के रोमांचक मुकाबले में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान (IND W vs PAK W) को 88 रन से मात दी। इस जीत के साथ भारत ने पाकिस्तान पर वनडे मुकाबलों में लगातार 12वीं बार विजय दर्ज की और अपने अजेय रिकॉर्ड को बरकरार रखा।
फातिमा सना ने बताई हार की वजह
पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना (Fatima Sana) मैच के बाद निराश नजर आईं। उन्होंने पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में कहा कि उनकी टीम ने पावरप्ले और डेथ ओवर्स में बहुत ज्यादा रन दे दिए, जिससे मैच हाथ से निकल गया। फातिमा ने कहा, “हमने शुरुआत में और आखिरी ओवरों में एक्स्ट्रा रन दिए। हमें उन्हें 200 से नीचे रोकना चाहिए था। हमारे टॉप-5 बल्लेबाजों को अब जिम्मेदारी लेनी होगी और लंबी साझेदारियां करनी होंगी।”
भारतीय बल्लेबाजों ने दिखाई दमखम
पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी भारतीय टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। पिच धीमी थी और बार-बार व्यवधान आने से बल्लेबाज लय नहीं पकड़ पा रहे थे। इसके बावजूद ओपनर प्रतिका रावल (31) ने तेज शुरुआत दी, जबकि स्मृति मंधाना (23) फिर जल्दी आउट हो गईं। दोनों के आउट होने के बाद दबाव बढ़ा, लेकिन हरलीन देओल और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने मिलकर पारी को संभाला।
हरलीन (46) और जेमिमा रोड्रिग्ज (32) ने बीच के ओवरों में शानदार साझेदारी की। हालांकि, हरमनप्रीत और हरलीन दोनों ही बड़ी पारी नहीं खेल सकीं।
ऋचा घोष ने मचाई धमाल
मध्यक्रम में दीप्ति शर्मा (25) और स्नेह राणा (20) ने टीम को स्थिरता दी, लेकिन मैच का असली मोड़ तब आया जब युवा विकेटकीपर ऋचा घोष ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 20 गेंदों में 35 रन जड़ दिए। उनकी पारी में 3 चौके और 2 छक्के शामिल थे। ऋचा की तूफानी बल्लेबाजी ने भारत को 247 रन के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
पाकिस्तान की ओर से डायना बेग (4/69) और फातिमा सना (2/38) ने अच्छी गेंदबाजी की, लेकिन अंत में भारत का स्कोर बहुत बड़ा साबित हुआ।
पाकिस्तान की बल्लेबाजी हुई ध्वस्त
लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। चौथे ओवर में मुनीबा अली सस्ते में आउट हो गईं, जिससे टीम लड़खड़ा गई। हालांकि, सिदरा अमीन (81) ने संघर्ष करते हुए अर्धशतक जड़ा और कुछ देर तक पाकिस्तान की उम्मीदें जिंदा रखीं, लेकिन बाकी बल्लेबाज उनका साथ नहीं दे सके।
भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। क्रांति गौड़ की अगुआई में गेंदबाजों ने पाकिस्तान को पूरी तरह जकड़ लिया। पाकिस्तान की आठ बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाईं और पूरी टीम 159 रन पर सिमट गई।
भारतीय टीम का दबदबा कायम
इस जीत के साथ भारत ने एक बार फिर साबित कर दिया कि महिला क्रिकेट में उसका दबदबा कायम है। हरलीन देओल की समझदारी भरी पारी, ऋचा घोष की विस्फोटक बल्लेबाजी और गेंदबाजों की सटीक लाइन-लेंथ ने मैच को भारत की झोली में डाल दिया।



