नई दिल्ली: दो बार की विंबलडन चैंपियन पेट्रा क्वितोवा (Petra Kvitova) ने टेनिस को भावुक विदाई दी। 2025 अमेरिकी ओपन के पहले राउंड में फ्रांस की डायने पैरी से 6-1, 6-0 से हारने के बाद 35 साल की इस चेक स्टार ने रैकेट टांगने का ऐलान किया। कोर्ट पर आखिरी शॉट के बाद क्वितोवा की आंखें नम थीं। उन्होंने अपने पति और कोच जिरी वानेक को गले लगाया, और दर्शकों ने तालियों से उनकी शानदार यात्रा को सलाम किया। पिछले साल जुलाई में अपने बेटे पेट्र को जन्म देने के बाद 17 महीने के ब्रेक के बाद वापसी करने वाली क्वितोवा ने पहले ही कह दिया था कि ये उनका आखिरी टूर्नामेंट होगा।
कोविड ने बिगाड़ा आखिरी गेम
मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में क्वितोवा ने बताया कि कुछ हफ्ते पहले कोविड-19 ने उनकी तैयारी को झटका दिया था। “सुबह से ही मुझे अजीब सा लग रहा था। मैं खा नहीं पाई, नर्वस थी, और स्विंग भी नहीं कर पा रही थी। ये मेरे लिए नया अनुभव था, शायद इसलिए कि मैं जानती थी ये मेरा आखिरी मैच है,” उन्होंने कहा। फिर भी, न्यूयॉर्क की भीड़ के सामने अपनी आखिरी परफॉर्मेंस देने की उनकी जिद ने उन्हें कोर्ट तक खींच लाया।
शानदार करियर: शारापोवा से बाउचर्ड तक को दी मात
क्वितोवा ने 2011 में मारिया शारापोवा को हराकर पहला विंबलडन खिताब जीता, और 2014 में यूजीन बाउचर्ड को फाइनल में सिर्फ 55 मिनट में रौंदकर दूसरा खिताब अपने नाम किया। 2019 में ऑस्ट्रेलियन ओपन फाइनल में नाओमी ओसाका से हारने के बावजूद वो वर्ल्ड नंबर 2 तक पहुंची थीं। 2016 में उनके घर में एक चाकूबाज हमलावर ने उनकी रैकेट पकड़ने वाली बायीं हथेली को घायल कर दिया था। डॉक्टरों ने कहा था कि वो शायद फिर कभी नहीं खेल पाएंगी, लेकिन सिर्फ छह महीने बाद फ्रेंच ओपन में वापसी कर उन्होंने दुनिया को अपनी हिम्मत दिखाई। 31 डब्ल्यूटीए टाइटल्स, 6 बिली जीन किंग कप और 2016 रियो ओलंपिक्स में ब्रॉन्ज मेडल – उनका करियर उपलब्धियों से भरा है।
307 करोड़ की संपत्ति, ब्रांड्स की फेवरेट
2023 तक पेट्रा की नेट वर्थ करीब 35 मिलियन डॉलर (307 करोड़ रुपये) थी, जिसमें 34.7 मिलियन डॉलर (304 करोड़ रुपये) सिर्फ प्राइज मनी से आए। बाकी कमाई नाइकी, विल्सन, यूनीक्रेडिट बैंक, सेस्का पोस्टा, और एल’ऑकिटेन जैसे बड़े ब्रांड्स से हुई। वो एएलओ डायमंड्स, टैग ह्यूअर, बीएमडब्ल्यू और मैटोनी जैसे ब्रांड्स की भी चहेती रहीं। इन डील्स से उनकी सालाना इनकम 2 मिलियन डॉलर के आसपास रही। प्रोस्तेजोव, चेक गणराज्य में उनका आलिशान अपार्टमेंट और मोनाको में प्रोफेशनल ट्रेनिंग के लिए एक बड़ी प्रॉपर्टी भी है।
- इसको भी पढ़ें: R.Ashwin ने IPL को कहा अलविदा, अब खेलेंगे विदेशी लीग्स
पर्सनल लाइफ: प्यार, शादी और मां बनने की कहानी
पेट्रा की लव लाइफ भी चर्चा में रही। पहले चेक टेनिस प्लेयर एडम पावलसेक और राडेक स्टेपानेक के साथ उनके रिश्ते सुर्खियों में आए। फिर 2014 में हॉकी प्लेयर राडेक मीडल के साथ सगाई हुई, जो 2016 में टूट गई। इसके बाद 2021 में वो अपने कोच जिरी वानेक के करीब आईं। 2022 में सगाई और 2023 में शादी के बाद 2024 में उनके बेटे पेट्र का जन्म हुआ। मां बनने के बाद भी टेनिस के प्रति उनका जुनून कम नहीं हुआ, लेकिन अब वो अपने बेटे और परिवार के साथ वक्त बिताने को तैयार हैं।
एक चैंपियन का अलविदा
“मैं अपने करियर की हर चीज पर गर्व करती हूं, खासकर अपनी मानसिक ताकत पर। टॉप 10 में इतने साल बिताना मेरे लिए खास था,” क्वितोवा ने कहा। उनकी विदाई के बाद डब्ल्यूटीए ने उन्हें एक सच्चा चैंपियन बताया, जिसकी विनम्रता और खेल भावना ने लाखों दिल जीते।



