केजरीवाल ने ट्रंप को बताया कायर: आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ऐसे कायर हैं कि जो उनका विरोध करता है, वे तुरंत झुक जाते हैं। लेकिन भारत सरकार ने ऐसा नहीं किया। केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि उसने उलटा अमेरिका से आने वाली कपास पर लगने वाली 11 फीसदी डयूटी को खत्म कर दिया। जिसका खामियाजा आने वाले दिनों में भारत में कपास की खेती करने वाले किसानों को भुगतना पड़ेगा।
पत्रकारों से बात करते हुए केजरीवाल ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने यूरोपीय यूनियन, चीन जैसे देशों पर टैरिफ लगाने का ऐलान किया तो इन देशों ने पलटकर अमेरिका पर भी दोगुणा टैरिफ लगाने की घोषणा कर दी। जिससे ट्रंप डर गए और तुरंत उन देशों के सामने झुक गए। लेकिन हमारी सरकार, ट्रंप के सामने भीगी बिल्ली बनी हुई है।
अमेरिकी कपास पर डयूटी हटाने का आरोप: उन्होंने केंद्र सरकार पर भारतीय किसानों की पीठ में छुरा घोंपने का आरोप लगाया। केजरीवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्रमोदी ने अमेरिकी दबाव में कपास पर लगने वाली 11 फीसदी डयूटी हटाने का फैसला किया है। ये फैसला 11 अगस्त से 30 सितंबर 2025 तक लागू होगा। इस फैसले के बाद अमेरिकी कपास, भारतीय किसानों की कपास के मुकाबले 15 से 20 रुपये किलो सस्ती हो गई है।
हमारे किसानों की कपास अक्टूबर मेंबाजार में आएगी। तब तक देश की टेक्सटाइल कंपनियां, अमेरिकी कपास खरीद चुकी होंगी। ऐसे में अक्टूबर में जब भारतीय किसान कपास लेकर बाजार में आएंगे तो उसकी मांग ही खत्म हो चुकी होगी। ऐसे में वो कपास बिकेगी ही नहीं। नतीजा ये होगा कि तेलंगाना, विदर्भ, गुजरात के किसानों पर इसका असर पड़ेगा। पहले ही महाराष्ट्र में किसानों की आत्महत्या की खबरें आ रही हैं।




