नई दिल्ली: एशिया कप 2025 में पाकिस्तान को हराकर ट्रॉफी जीतने के बावजूद भारत के पास अभी तक वह ट्रॉफी नहीं पहुंची है। इस पर BCCI ने सख्त रुख अपनाते हुए ACC और PCB अध्यक्ष मोहसिन नकवी को अंतिम चेतावनी दी है। अगर ट्रॉफी जल्द नहीं सौंपी गई तो यह मामला अब आईसीसी की बैठक में उठेगा।
ट्रॉफी विवाद ने बढ़ाया तनाव
भारत ने दुबई में खेले गए एशिया कप के फाइनल में पाकिस्तान को हराकर खिताब जीता था, लेकिन एक महीने बीत जाने के बाद भी विजेता ट्रॉफी बीसीसीआई को नहीं दी गई है। बताया जा रहा है कि पाकिस्तान के गृह मंत्री और एसीसी अध्यक्ष मोहसिन नकवी के पास ही यह ट्रॉफी है।
BCCI ने दी सख्त चेतावनी
बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने स्पष्ट कहा है कि अगर ट्रॉफी अगले कुछ दिनों में मुंबई मुख्यालय नहीं पहुंची, तो 4 नवंबर को होने वाली आईसीसी की तिमाही बैठक में यह मामला औपचारिक रूप से उठाया जाएगा। बीसीसीआई ने नकवी को तीन से चार दिन का आखिरी मौका दिया है।
नकवी का रुख अब भी सख्त
रिपोर्ट्स के मुताबिक मोहसिन नकवी अपने रुख पर अड़े हुए हैं। उन्होंने यह सुझाव दिया है कि भारतीय खिलाड़ी किसी आगामी कार्यक्रम में ट्रॉफी को व्यक्तिगत रूप से ले सकते हैं। हालांकि बीसीसीआई इस प्रस्ताव से नाखुश है और उसने औपचारिक तौर पर ट्रॉफी की वापसी की मांग की है।
ट्रॉफी लौटाने की मांग पर अड़ा भारत
देवजीत सैकिया ने कहा कि बीसीसीआई इस मामले को गंभीरता से ले रहा है और ट्रॉफी की वापसी के लिए हर विकल्प पर विचार किया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया au“भारत को जीती हुई ट्रॉफी जरूर मिलेगी, बस समय तय नहीं है।”
ICC बैठक में बड़ा फैसला संभव
अगर 4 नवंबर तक ट्रॉफी भारत नहीं पहुंची, तो यह विवाद ICC बैठक में बड़ा मुद्दा बन सकता है। सूत्रों के मुताबिक, एसीसी अध्यक्ष के तौर पर नकवी की कुर्सी भी खतरे में पड़ सकती है।



