नई दिल्ली। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई में डाकघर अब केवल पत्र-व्यवहार तक सीमित नहीं रहे, बल्कि बैंकिंग, पासपोर्ट और डिजिटल सेवाओं के माध्यम से जनसेवा के आधुनिक केंद्रों के रूप में उभर रहे हैं। रेखा गुप्ता ने यह बात गुरुवार को नेहरू प्लेस स्थित पुनर्विकसित पोस्ट ऑफिस ‘जन सेवा कनेक्ट’ के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान कही। इस दौरान केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और केंद्रीय संचार राज्य मंत्री डॉ. पेम्मासानी चंद्रशेखर भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने दिल्ली से इस महत्वाकांक्षी राष्ट्रव्यापी नवीनीकरण पहल की शुरुआत को राजधानी के लिए गौरव का विषय बताया। केंद्र सरकार द्वारा देशभर में 25 हजार डाकघरों के नवीनीकरण का निर्णय दूरदर्शी सोच का परिचायक है।
डाकघरों में बैंकिंग, बचत योजनाएं, आधार सेवाएं, पासपोर्ट सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं,

मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे समय तक डाकघर केवल पत्र और पार्सल सेवा तक सीमित माने जाते थे। लेकिन आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में डाकघर बहु-उद्देशीय जनसेवा केंद्र के रूप में विकसित हो चुके हैं। अब डाकघरों में बैंकिंग, बचत योजनाएं, आधार सेवाएं, पासपोर्ट सेवाएं और डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे आम नागरिकों को एक ही स्थान पर अनेक सेवाओं का लाभ मिल रहा है।
डाकघर भारतीय समाज के भावनात्मक और सामाजिक जीवन का अभिन्न हिस्सा रहे

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘जन सेवा कनेक्ट’ की अवधारणा प्रधानमंत्री मोदी के नागरिक केंद्रित सुशासन के विजन को साकार करती है। डाकघरों को आधुनिक स्वरूप देने के साथ-साथ नागरिकों के अनुभव को बेहतर बनाने की दिशा में भी उल्लेखनीय कार्य किया गया है। डाक कर्मचारियों की कार्य व्यवस्था, बैठने की सुविधा, आधुनिक डिजाइन और ग्राहक सेवा की गुणवत्ता में जो परिवर्तन देखने को मिला है, वह अत्यंत प्रभावशाली है। डाकघर भारतीय समाज के भावनात्मक और सामाजिक जीवन का अभिन्न हिस्सा रहे हैं। इस विशाल नेटवर्क को बंद करने के बजाय आधुनिक तकनीक और नई सेवाओं के माध्यम से पुनर्जीवित करना केंद्र सरकार की दूरदर्शी सोच और संवेदनशील नेतृत्व का उदाहरण है।
आने वाले समय में डाकघर नागरिकों के लिए आधुनिक सुविधाओं और विश्वसनीय जनसेवा के केंद्र बनकर उभरेंगे

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में पुनर्विकसित डाकघर नागरिकों के लिए आधुनिक सुविधाओं, डिजिटल सेवाओं और विश्वसनीय जनसेवा के मजबूत केंद्र बनकर उभरेंगे। उन्होंने आश्वस्त किया कि दिल्ली सरकार केंद्र सरकार के साथ मिलकर इन सेवाओं को घर-घर तक पहुंचाने और अधिक से अधिक नागरिकों को इससे जोड़ने के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करेगी।



