नई दिल्ली: भारत को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आह्वान असल में एक राष्ट्रीय मिशन है। इसमें उन्होंने देशवासियों से स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने, स्थानीय उद्योगों और कारीगरों का समर्थन करने का अनुरोध किया है ताकि भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत हो, रोजगार बढ़े और आयात पर निर्भरता कम हो। इस कड़ी में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने कहा गुरुवार को रोहिणी में “आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान” में कहा आत्मनिर्भर भारत का संकल्प लेना ही विकसित भारत के संकल्प को पूर्ण करने की हमारी प्रतिबद्धता है।
आत्मनिर्भर भारत अभियान जन-आंदोलन का रूप ले चुका है
अरुण सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत का सपना आज एक जन-आंदोलन का रूप ले चुका है। आत्मनिर्भरता का अर्थ अलग-थलग रहना नहीं, बल्कि अपनी क्षमताओं को सशक्त बनाना है। “हमारे उद्यमी, कारीगर और युवा इस अभियान की रीढ़ हैं। हर नागरिक का छोटा-से-छोटा प्रयास भी भारत की आर्थिक स्वतंत्रता को मजबूत करता है। उन्होंने लोगों से ‘वोकल फॉर लोकल’ को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया। सिंह ने कहा कि ‘आत्मनिर्भर भारत संकल्प’ केवल एक दृष्टि नहीं, बल्कि ‘विकसित भारत’ के सपने को साकार करने की सामूहिक प्रतिबद्धता है। आत्मनिर्भरता की दिशा में उठाया गया प्रत्येक कदम एक विकसित और सशक्त भारत की नींव को मजबूत करता है।
मुहिम विदेशी वस्तुओं पर निर्भरता कम करने की आर्थिक शक्ति है
दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष एवं रोहिणी विधानसभा क्षेत्र के विधायक विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि आत्मनिर्भरता की शुरुआत जमीनी स्तर से होती है। हमारे घरों, समुदायों और लघु उद्यमों से। उन्होंने जोर देकर कहा कि स्वदेशी केवल एक सांस्कृतिक भावना नहीं, बल्कि भारत की आर्थिक वृद्धि को गति देने और विदेशी वस्तुओं पर निर्भरता कम करने वाली एक सशक्त आर्थिक शक्ति है। जब नागरिक स्थानीय उत्पादों को अपनाते हैं और स्वदेशी प्रतिभा को प्रोत्साहित करते हैं, तब वे देश की अर्थव्यवस्था की नींव को मजबूत बनाते हैं। उन्होंने ‘स्वदेशी संकल्प अभियान’ की सराहना करते हुए कहा कि यह अभियान राष्ट्र गर्व, आर्थिक स्वतंत्रता और सतत प्रगति के साझा मिशन के तहत लोगों को एकजुट कर रहा है।
आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान एक राष्ट्रव्यापी आंदोलन है जिसका उद्देश्य प्रधानमंत्री के उस विजन को साकार करना है, जिसके अंतर्गत भारत को आर्थिक, औद्योगिक और तकनीकी रूप से आत्मनिर्भर बनाया जा सके। यह अभियान नागरिकों को भारतीय उत्पादों के उपयोग, स्थानीय उद्यमियों को सशक्त करने और देशी उद्योगों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रेरित करता है।
कार्यक्रम में विधायक एवं भाजपा दिल्ली प्रदेश उपाध्यक्ष राजकुमार भाटिया, भाजपा जिला अध्यक्ष विनोद सहरावत, प्रवेश वाही, स्मिता कौशिक, ऋतु गोयल, नविन गुप्ता, हरिश गुलाटी और सुरेन्द्र भी उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान सभी अतिथियों ने स्वदेशी संकल्प लिया और भारतीय उत्पादों को प्राथमिकता देने, स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा देने तथा राष्ट्र की आत्मनिर्भरता में योगदान देने का प्रण किया।



