वाराणसी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 8 नवंबर को वाराणसी और खजुराहो के बीच, चित्रकूट के रास्ते, वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। इससे न केवल विदेशी बल्कि घरेलू पर्यटक भी आसानी से यात्रा कर पाएंगे। यह नई ट्रेन सेवा वाराणसी और खजुराहो के बीच यात्रा को विदेशी पर्यटकों, खासकर यूरोपीय लोगों की यात्रा को बहुत सुविधाजनक बनाएगी। इससे वे अपने भारत दौरे में खजुराहो को शामिल करने के लिए प्रोत्साहित होंगे। साथ ही, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के बीच व्यावसायिक वाहनों पर लगने वाले भारी टैक्स से भी मुक्ति मिलेगी, जिससे यह यात्रियों और तीर्थयात्रियों के लिए एक सस्ता विकल्प बन जाएगा। ट्रेन के रैक रविवार देर शाम बनारस स्टेशन पहुंच गए। आठ कोच वाली ये वंदे भारत एक्सप्रेस बनारस से खजुराहो की 442 किलोमीटर की दूरी आठ घंटे में तय करेगी। इसी के मद्देनजर प्रधानमंत्री के वाराणसी दौरे से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बनारस रेलवे स्टेशन पर की तैयारियों की समीक्षा और स्टेशन पर सुरक्षा और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश दिए।
सीएम ने तैयारियों की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने वाराणसी प्रवास के दूसरे दिन धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लेने के उपरांत गुरुवार को बनारस रेलवे स्टेशन पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी दौरे की तैयारियों का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने रेलवे और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अधिकारियों ने सीएम को सुंदरीकरण, सुरक्षा व्यवस्था, यात्री सुविधाओं के संबंध में जानकारी दी
अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को स्टेशन परिसर के सुंदरीकरण, सुरक्षा व्यवस्था, यात्री सुविधाओं और प्रधानमंत्री के कार्यक्रम स्थल से जुड़ी व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रधानमंत्री के आगमन के दौरान सभी व्यवस्थाएं सुचारु और व्यवस्थित रहें, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने स्टेशन पर साफ-सफाई, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए।
इसको भी पढ़ें: पटना से पूर्णिया तक वंदे भारत एक्सप्रेस का रास्ता खुला
प्रधानमंत्री अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में 7 नवंबर को दो दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में 7 नवंबर को दो दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं। अगले दिन, 8 नवंबर को वह बनारस रेलवे स्टेशन से वाराणसी-खजुराहो वंदे भारत और तीन अन्य ट्रेनों का शुभारंभ करेंगे। प्रधानमंत्री के आगमन से पूर्व मुख्यमंत्री का यह निरीक्षण दौरा तैयारियों को अंतिम रूप देने के दृष्टिकोण से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



