वैशाली: बिहार विधानसभा चुनाव की सरगर्मियां चरम पर हैं, और पहले चरण के नामांकन प्रक्रिया का शुक्रवार को अंतिम दिन है। 121 विधानसभा क्षेत्रों के लिए इंडिया गठबंधन (महागठबंधन) के उम्मीदवारों ने अंतिम समय पर नामांकन पत्र दाखिल कर दिए हैं। वैशाली जिला के लालगंज विधानसभा सीट से बाहुबली मुन्ना शुक्ला के परिवार में राजद ने उम्मीदवार बनाया। वहीं कांग्रेस ने पहले की अपना उम्मीदवार यहां खड़ा कर दिया है। गुरुवार रात कांग्रेस का टिकट मिलने से मुन्ना शुक्ला के घर पर महापंचायत हुई थी। जिसमें लालगंज विधानसभा सीट क्षेत्र से भारी संख्या में लोग मुन्ना शुक्ला के घर पर पहुंचकर मुन्ना शुक्ला की पत्नी और उनकी बेटी से निर्दलीय चुनाव लड़ने की बात कही थी।
राजद की मुन्ना शुक्ला के किसी भी परिवार के सदस्य को महापंचायत की जानकारी नहीं थी। अचानक कांग्रेस के उम्मीदवार को टिकट मिलने की सूचना के बाद भारी संख्या में लोग मुन्ना शुक्ला के घर पहुंचने लगे। वहीं आज सुबह में मुन्ना शुक्ला की पत्नी को तेजस्वी यादव के घर से फोन आया और अनु शुक्ला को आवास पर बुलाया गया। इसके बाद अनु शुक्ला और उनकी बेटी शिवानी शुक्ला दोनों एक साथ पटना पहुंचे जहां पर टिकट मिलने के बाद उन्होंने नामांकन दाखिल किया। शिवानी शुक्ला टिकट मिलने से पहले लालगंज विधानसभा सीट के विभिन्न गांव में जाकर जनसंपर्क कर रही थी।
मुन्ना शुक्ला और पप्पू यादव के समर्थक आमने-सामने

वैशाली के हाजीपुर में पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव शुक्रवार को लालगंज विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के प्रत्याशी आदित्य कुमार उर्फ राजा के नामांकन में शामिल होने के लिए हाजीपुर अनुमंडल कार्यालय पहुंचे। नामांकन के बाद वह अपने समर्थकों के साथ गेट से बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान पहले से मौजूद वहां लालगंज के पूर्व विधायक मुन्ना शुक्ला की बेटी अनु शुक्ला के समर्थकों ने नारेबाजी शुरू कर दी। इस दौरान शिवानी शुक्ला के समर्थकों ने शिवानी शुक्ला जिंदाबाद मुन्ना शुक्ला अनू शुक्ला जिंदाबाद के नारे पप्पू यादव के सामने लगाया। इस दौरान आदित्य कुमार उर्फ राजा के समर्थकों ने भी नारा लगाया। शिवानी शुक्ला के समर्थक भारी संख्या में मौजूद थे। पप्पू यादव के सामने समाहरणालय गेट तक मुन्ना शुक्ला अनु शुक्ला एवं शिवानी शुक्ला जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे। राजद जिन्दाबाद के नारे लग रहे थे। इस दौरान दोनों के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई। गोरतलब हो कि लालगंज विधानसभा क्षेत्र से मुन्ना शुक्ला की बेटी शिवानी शुक्ला महागठबंधन के प्रबल दावेदार थी। ऐन मौके पर कांग्रेस में आदित्य कुमार उर्फ राजा को अपना प्रत्याशी बना दिया। उसके बाद राजद ने शिवानी शुक्ला को अपना उम्मीदवार बनाया। इसी बात को लेकर शिवानी शुक्ला के समर्थक नाराज थे। और पप्पू यादव के सामने जमकर नारेबाजी की।
आरजेडी सुप्रीमो ने कहलगांव से रजनीश यादव को बनाया उम्मीदवार

भागलपुर के कहलगांव विधानसभा क्षेत्र से महागठबंधन प्रत्याशी राजद उम्मीदवार रजनीश यादव ने शुक्रवार को अपना नामांकन दाखिल किया है। बड़ी संख्या में समर्थकों के साथ रजनीश यादव नामांकन दाखिल करने के लिए कहलगांव अनुमंडल परिसर पहुंचे। इस दौरान रजनीश यादव के पिता संजय यादव भी उपस्थित थे। संजय यादव झारखंड सरकार में श्रम संसाधन व उद्योग मंत्री है। रजनीश यादव ने नामांकन दाखिल करने के बाद कहा कि उनकी प्राथमिकता है बिहार से बेरोजगारी दूर करना शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त करना है। कहलगांव की जर्जर सड़क की हालत को सुधारना, साथ ही एनटीपीसी के सीएसआर फंड का सही से इस्तेमाल करना है। उन्होंने दावा किया कि उनको अपार जन समर्थन मिल रहा है। किसी से कोई मुकाबला नहीं है।
मंत्री संजय यादव ने कहा कि पहले से ही महागठबंधन ने कहलगांव सीट राजद के लिए तय कर दी थी। थोड़ा समय जरूर लगा लेकिन आज हम लोगों ने महागठबंधन के प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किए हैं। उन्होंने कहा कि बिहार का जो हाल है। उसके लिए वर्तमान सरकार जिम्मेदार है। हमारी प्राथमिकता होगी यहां उद्योग लगाकर बेरोजगारी दूर करना और पलायन को रोकना। चहुंमुखी विकास हमारी सरकार की प्राथमिकता में शामिल है।
उन्होंने कहा कि आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जो कहा है उसे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जरूर समझ जाना चाहिए कि उनके साथ खेल होने वाला है। उन्होंने कहा कि अमित शाह ने साफ कहा है कि मुख्यमंत्री का चेहरा चुनाव बाद तय किया जाएगा इससे लग रहा है कि नीतीश कुमार को लेकर भाजपा क्या सोच रही है।
बासपा से भावेश कुशवाहा
इस बीच बासपा प्रत्याशी भावेश कुशवाहा ने नामांकन दाखिल करने के बाद कहा कि किसी से टक्कर नहीं है। 50 साल पहले जो सड़क की हालत यहां थी। वह अभी भी बनी हुई है उन्हें सुधारना उनकी प्राथमिकता है। बहन मायावती ने सभी 243 सीटों पर प्रत्याशी खड़ा किया है। साफ संदेश है हम लोग जीत कर आएंगे तो जनता के लिए काम करेंगे, यहां इस बार धन बल काम नहीं आने वाला है जनता की जो समस्या का समाधान करेगा वहीं चुनाव जीतेगा।
राजद प्रत्याशी रजनीश यादव लंदन में पढ़ाई कर बिहार में राजनीतिक करने पहुंचे हैं। उनका पैतृक घर बांका है। चुनावी घोषणा के कुछ ही दिन बाद 8 अक्टूबर को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव कहलगांव विधानसभा क्षेत्र के गोराडी में एक जनसभा को संबोधित करने पहुंचे थे जनसभा में उन्होंने रजनीश यादव को मंच से आशीर्वाद देने की बात जनता से कही थी।
वही सदानंद सिंह के निधन और उनके पुत्र सुभानंद मुकेश के जदयू में चले जाने के बाद कहलगांव सीट पर कांग्रेस से प्रवीण कुशवाहा लगातार मेहनत कर रह थे। उनके प्रचार में झारखंड सरकार में मंत्री कांग्रेस की वरिष्ठ नेता दीपिका सिंह पांडे शामिल थी। वे भी लगातार कहलगांव विधानसभा क्षेत्र में प्रवीण कुशवाहा के लिए आशीर्वाद मांग रही थी।



