बेतिया: जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने बेतिया से बिहार विधानसभा चुनाव के लिए सनातनी सियासत का बिगुल फूंक दिया है। गौ माता संकल्प यात्रा के दौरान उन्होंने ऐलान किया कि वह गौ रक्षा का संकल्प लेने वाले उम्मीदवारों का बिहार की सभी 243 विधानसभा सीटों पर समर्थन करेंगे और उनके लिए प्रचार करेंगे। शंकराचार्य ने गौ माता को ‘राष्ट्र माता’ घोषित करने की मांग को लेकर राष्ट्रीय दलों को ललकारा और सनातनी हिंदुओं से गौ भक्त उम्मीदवारों को वोट देने की अपील की। यह घोषणा बिहार की राजनीति में नया तूफान ला सकती है, जो गौ रक्षा को प्रमुख चुनावी मुद्दा बना सकती है।
गौ रक्षा का संकल्प लेनेवाले उम्मीदवारों का समर्थन
गौ माता संकल्प यात्रा पर बेतिया पहुंचे जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने बड़ा बयान दिया है। जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहा उनका संगठन बिहार चुनाव में गौ रक्षा का संकल्प लेनेवाले उम्मीदवारों का समर्थन करेगा। वह खुद बिहार की सभी 243 सीटों पर प्रचार करेंगे और गौ रक्षा का संकल्प लेने वाले उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान की अपील करेंगे।

सनातन धर्म की रक्षा तभी संभव है जब गौ माता का संरक्षण करेंगे
जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने बिहार में सनातनी राजनीति का शंखनाद किया है। गौ मतदाता संकल्प यात्रा पर निकले जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहा कि बिहार चुनाव में उनका संगठन गौ रक्षा का संकल्प लेने वाले उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारेगा। साथ ही कहा संगठन सनातनी हिन्दुओं से गौ माता को राष्ट्र माता घोषित कराने के उद्देश्य से मतदान करने की अपील करेगा। उन्होंने कहा सनातन धर्म की रक्षा तभी संभव है जब हम गौ माता का संरक्षण करेंगे। गौ रक्षा हमारी आस्था का विषय ही नहीं, बल्कि यह हमारे समाज और संस्कृति की भी आधारशिला है।
उन्होंने सभी लोगों से अनुरोध किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में केवल उन्हीं प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करें, जो गौ रक्षा को लेकर स्पष्ट विचार रखते हो। शंकराचार्य ने बताया कि वह सभी राष्ट्रीय पार्टी के दिल्ली कार्यालय जाकर उनसे पूछा था कि गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने के लिए अपना पक्ष लोकसभा रखें और अपने पक्ष से हमें अवगत कराएं, लेकिन अभी तक किसी भी राजनीतिक दल ने अपना पक्ष नहीं बताया। इसलिए अब मजबूरी में बिहार विधानसभा चुनाव में उनका संगठन गौ भक्त प्रत्याशियों को चुनावी मैदान में उतारने का फैसला किया है।



