भाजपा शाहदरा ज़िला द्वारा अटल भवन-1, विज्ञान लोक स्थित ज़िला कार्यालय में आज केन्द्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण जी का लाइव बजट भाषण सामूहिक रूप से सुना गया। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा शाहदरा ज़िला अध्यक्ष दीपक गाबा ने किया।
आज दिनांक 01 फरवरी 2026 को संसद में केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण जी ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए भारत का सामान्य बजट प्रस्तुत किया। यह उनका लगातार नौवाँ बजट रहा।
इस अवसर पर भाजपा शाहदरा ज़िला अध्यक्ष दीपक गाबा ने कहा कि यह बजट समाज के हर वर्ग को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। बजट में आर्थिक लक्ष्य को “तीन कर्तव्य” के रूप में प्रस्तुत किया गया है, जिसमें आर्थिक विकास को तेज़ करना, आम नागरिकों की अपेक्षाओं को पूरा करना तथा सबका विकास और सामाजिक समावेशन सुनिश्चित करना शामिल है।
उन्होंने बताया कि बजट में बुनियादी ढाँचे और पूंजीगत व्यय (कैपेक्स) पर विशेष ज़ोर दिया गया है। पूंजीगत व्यय को बढ़ाकर ₹12.2 लाख करोड़ रुपये किया गया है, जिससे निवेश को बढ़ावा मिलेगा और अर्थव्यवस्था को नई गति प्राप्त होगी।
दीपक गाबा ने कहा कि इस बजट का मूल संदेश “विकसित भारत @2047” के संकल्प को साकार करना है। बजट में विकास, रोजगार सृजन, तकनीकी प्रगति और सामाजिक समावेशन को प्राथमिकता दी गई है, जो देश को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।



