नई दिल्ली: विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस) के सांसदों ने सोमवार को बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और कथित ‘वोट चोरी’ के खिलाफ संसद भवन से निर्वाचन आयोग मुख्यालय तक मार्च निकाला। इस दौरान दिल्ली पुलिस ने सांसदों को बैरिकेडिंग लगाकर रोकने की कोशिश की, जिसके बाद हंगामा हुआ और पुलिस ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा सहित कई विपक्षी नेताओं को हिरासत में ले लिया। पुलिस सांसदों को संसद मार्ग थाने ले गई जहां से कुछ देर बाद उन्हें रिहा कर दिया।
मार्च में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव, तृणमूल कांग्रेस, द्रमुक और अन्य दलों के नेता शामिल थे। सांसदों ने सिर पर सफेद टोपी पहनी थी, जिस पर ‘एसआईआर’ और ‘वोट चोरी’ लिखा था, साथ ही लाल रंग के क्रॉस का निशान भी था। यह प्रदर्शन बिहार में मतदाता सूची से कथित तौर पर लाखों वोटरों के नाम हटाए जाने के विरोध में किया गया। विपक्ष का आरोप है कि यह प्रक्रिया पक्षपातपूर्ण तरीके से की जा रही है, जिससे विपक्षी वोटरों को निशाना बनाया जा रहा है।
इसको भी पढ़ें: कांग्रेस को आई सेवादल की याद, बिहार में सियासी जमीन कर पाएगी आबाद!
आयोग ने बुलाए 30 नेताओं को, पूरा रेला लेकर पहुंचे
चुनाव आयोग के सूत्रों का कहना है कि चर्चा के लिए बुलाने के बाद भी राहुल गांधी समेत विपक्षी नेता आने को तैयार नहीं हैं। विपक्षी नेता का कहना है कि आयोग से बात करने का कोई अर्थ नहीं निकल रहा क्योंकि वे समस्या को सुनते तो हैं, लेकिन कभी किसी तरह के समाधान की बात नहीं की। दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी का कहना है कि चुनाव आयोग की ओर से 30 नेताओं को आने की परमिशन थी, लेकिन दरवाजे पर बड़ी संख्या में नेता पहुंच गए। इसके चलते व्यवस्था बिगड़ने की आशंका थी। इसी वजह से सांसदों को हिरासत में लिया गया है। उनका कहना है कि यदि विपक्षी दल चाहें तो अब भी 30 सांसद आराम से चुनाव आयोग के दफ्तर ले जाया जा सकता है।
यह संविधान की लड़ाई है
सांसदों को हिरासत में लिए जाने के दौरान अखिलेश यादव बैरिकेडिंग कूदते हुए दिखे। इसके अलावा कांग्रेस का कहना है कि लोकतंत्र की हत्या हो रही है। हम जब वोटर लिस्ट मांग रहे हैं तो उसे मुहैया क्यों नहीं कराया जा रहा है। राहुल गांधी ने पुलिस की बस से ही कहा कि हमारी लड़ाई राजनीतिक नहीं बल्कि संविधान को बचाने के लिए है। हमें बिना छोड़छाड़ वाली वोटर लिस्ट चाहिए। इस दौरान कई सांसदों ने मोदी जब-जब डरता है, पुलिस को आगे करता है के नारे लगाए।



