अब नेताजी की रॉबिनहुड स्टाइल…, पहले भी दिखे अनोखे अंदाज में

भाजपा विधायक ललन कुमार इस वक्त ‘रॉबिनहुड स्टाइल’ में हथियार लहराते हुए चलते दिख रहे हैं। इससे पहले भी उन्होंने अपनी अनोखी शैली से सुर्खियां बटोरी हैं।

Share This Article:

भागलपुर: जिले के पीरपैंती विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक ललन कुमार एक बार फिर अपने अनोखे और चर्चित अंदाज़ को लेकर सुर्खियों में हैं। इस बार उनका ‘रॉबिनहुड स्टाइल’ वायरल हो गया है, जिसमें वे हथियार लहराते हुए सार्वजनिक आयोजनों में मंच तक पहुंचते दिखाई दे रहे हैं।
ताजा मामला सलेमपुर सैनी में आयोजित पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय के शिलान्यास कार्यक्रम का है। विधायक ललन कुमार अपने हाथ में लाइसेंसी राइफल लिए मंच तक पहुंचे, जहां छात्र-छात्राओं की उपस्थिति में फीता काटकर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। यह दृश्य जैसे ही सोशल मीडिया पर आया, लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं शुरू हो गईं।
बताया गया कि पिछले चार-पांच दिनों से विधायक लगातार इसी अंदाज में अलग-अलग आयोजनों में भाग ले रहे हैं। उनके साथ न सिर्फ सशस्त्र सरकारी बॉडीगार्ड मौजूद रहते हैं, बल्कि एक भाजपा नेता मित्र भी हथियार के साथ उनके साथ चल रहे हैं।

पहले भी वायरल हो चुके हैं अजीबोगरीब अंदाज
यह कोई पहला मौका नहीं है, जब विधायक ललन कुमार अपनी अनोखी गतिविधियों को लेकर चर्चा में हैं। कोरोना काल में वे खेत में क्रिकेट खेलते नजर आए थे। गांगुली पार्क, कहलगांव में अंबेडकर जयंती समारोह के दौरान वे एक महिला लोक कलाकार के साथ ठुमके लगाते दिखे। मेले में पत्नी को चूड़ी पहनाना, मुड़ी-घुघनी बेचना, दूध दुहना, सूप बनाना, ईंट जोड़ना, और सपेरे की बीन बजाना—उनकी छवियों का हिस्सा रहे हैं।

वायरल हो रही ‘रॉबिनहुड राइफल’ वाली तस्वीर
सोशल मीडिया पर विधायक की हथियार उठाए तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं। समर्थक जहां इसे ‘जमीनी नेता का आत्मविश्वास’ बता रहे हैं। वहीं, विरोधी इसे ‘लोकतंत्र में हथियार का दिखावा’ करार दे रहे हैं।

विधायक की सफाई
विवादों के बीच विधायक ललन कुमार ने सफाई देते हुए कहा, आत्मरक्षा के लिए राइफल लेकर चलना गलत नहीं है। मेरे पास पिस्टल भी है। नक्सलियों की धमकी के बाद सरकार ने मुझे हथियार उपलब्ध कराए हैं। यह कोई गलत बात नहीं है। लोग क्या कहते हैं, इसकी मुझे परवाह नहीं।

NewG Network

contact@newgindia.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

न्यूज़लेटर के लिए सब्सक्राइब करें

कैटेगरीज़

हम वह खबरची हैं, जो खबरों के साथ खबरों की भी खबर रखते हैं। हम NewG हैं, जहां खबर बिना शोरगुल के है। यहां news, without noise लिखी-कही जाती है। विचार हममें भरपूर है, लेकिन विचारधारा से कोई खास इत्तेफाक नहीं। बात हम वही करते हैं, जो सही है। जो सत्य से परामुख है, वह हमें स्वीकार नहीं। यही हमारा अनुशासन है, साधन और साध्य भी। अंगद पांव इसी पर जमा रखे हैं। डिगना एकदम भी गवारा नहीं। ब्रीफ में यही हमारा about us है।

©2025 NewG India. All rights reserved.