हल्दिया। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि यह चुनाव पश्चिम बंगाल में डबल इंजन सरकार बनाने का चुनाव है। प्रधान ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने जनता के लिए कोई ठोस कार्य नहीं किया है। यह चुनाव नेताजी सुभाष चंद्र बोस और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की विरासत को सुरक्षित रखने का चुनाव है।
धर्मेंद्र प्रधान में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ किया संवाद
धर्मेंद्र प्रधान ने सोमवार को बंगाल के नंदीग्राम का दौरा किया और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ संवाद के दौरान कहा कि आने वाले चुनाव में यहां एक बार फिर ‘कमल’ खिलेगा। यह क्षेत्र राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी का गढ़ माना जाता है। प्रधान ने कहा कि नंदीग्राम सिर्फ एक विधानसभा सीट नहीं, बल्कि राज्य में बदलाव की भावना का प्रतीक है। उन्होंने भरोसा जताया कि यहां के लोग आज भी भाजपा और अधिकारी के नेतृत्व पर अटूट विश्वास रखते हैं।
बांग्लादेशी घुसपैठिए पश्चिम बंगाल को अस्थिर करना चाहते हैं
प्रधान ने कहा कि बांग्लादेशी घुसपैठिए पश्चिम बंगाल को अस्थिर करना चाहते हैं, लेकिन भाजपा की सरकार बनने के बाद ऐसे तत्वों और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। शुभेंदु अधिकारी पूरे पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार का नेतृत्व करेंगे और जनता से आह्वान किया कि वे उन्हें प्रचंड बहुमत से विजयी बनाएं, ताकि न केवल नंदीग्राम में भाजपा की जीत सुनिश्चित हो, बल्कि राज्य में रिवर्तन का मार्ग भी प्रशस्त हो
इसको भी पढ़ें: भाजपा प्रत्याशियों ने भरा नामांकन, नंदीग्राम-हल्दिया-महिषादल में दिखा जोर
नंदीग्राम, महिषादल और हल्दिया के प्रत्याशी ने किए नामांकन दाखिल
इस बीच एक सभा को संबोधित करते हुए शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि आज नंदीग्राम, महिषादल और हल्दिया के प्रत्याशी अपने-अपने नामांकन दाखिल कर रहे हैं। यह चुनाव महिषादल के विकास, हल्दिया में औद्योगिक प्रगति तथा नंदीग्राम के समग्र विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें पुनः नंदीग्राम से सेवा करने का अवसर मिला है। अधिकारी ने उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री जेपीएस राठौड़ का भी स्वागत किया और कहा कि उन्होंने पश्चिम बंगाल में संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि विधानसभा चुनाव में हल्दिया क्षेत्र की सभी सीटों पर भारतीय जनता पार्टी विजय प्राप्त करेगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पश्चिम बंगाल को “बांग्लादेश” नहीं बनने दिया जाएगा और घुसपैठियों के हाथों में राज्य नहीं जाने दिया जाएगा। अधिकारी ने कहा कि यह चुनाव महिलाओं की सुरक्षा, औद्योगिकीकरण और रोजगार सृजन के लिए निर्णायक है, और इन लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए भारतीय जनता पार्टी की सरकार आवश्यक है।



