कोलकाता, 10 जनवरी: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस ने अपना चुनावी प्रचार गीत ‘अबर जीतबे बंगला’ जारी कर दिया है। पार्टी का दावा है कि यह गीत बंगाल की आत्मा, उसके प्रतिरोध और स्वाभिमान की भावना को अभिव्यक्त करता है
तृणमूल कांग्रेस ने कहा कि गीत की पंक्तियाँ—“जितने हमले करो, फिर भी जीतेगा बंगाल”—राज्य के जनमानस की दृढ़ इच्छाशक्ति और संघर्षशील चेतना को स्वर देती हैं। पार्टी के अनुसार यह गीत ‘मां-माटी-मानुष’ के नारे को आगे बढ़ाते हुए बंगाल की अस्मिता और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक है।
गीत के दृश्यों में नेताजी सुभाष चंद्र बोस, स्वामी विवेकानंद और रवींद्रनाथ टैगोर जैसी महान विभूतियों की धरती के रूप में बंगाल को दर्शाया गया है। साथ ही यह संदेश दिया गया है कि बंगाल की आवाज़ को दबाना आसान नहीं है।
प्रचार गीत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुछ दृश्यों के साथ यह संदेश भी उभारा गया है कि पहले अपनी ज़मीन और अपने मुद्दों की चिंता की जाए। इसके बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी को जन आंदोलनों का नेतृत्व करते हुए दिखाया गया है।
इस अवसर पर अभिषेक बनर्जी ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए उसे “बंगाल विरोधी” करार दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा जनसमर्थन पाने में असफल होने के बाद लोकतंत्र की आवाज़ को दबाने का प्रयास कर रही है और नागरिकों के मताधिकार को कमजोर करने की कोशिश कर रही है।
तृणमूल कांग्रेस का कहना है कि यह प्रचार गीत केवल चुनावी नारा नहीं, बल्कि बंगाल की जनता के आत्मसम्मान, प्रतिरोध और लोकतांत्रिक चेतना की अभिव्यक्ति है, जो आने वाले चुनाव में पार्टी की लड़ाई को दिशा देगा।



