समस्तीपुर: बिहार में अपराध का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा वारदात समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीन नगर थाना क्षेत्र की है। बिशनपुर बेरी पंचायत के सरपंच सुनील कुमार राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस वारदात से इलाके में दहशत फैल गई है और एक बार फिर राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं।
समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने बिशनपुर बेड़ी पंचायत के सरपंच सुनील राय की तबड़तोड़ गोलियां बरसा कर हत्या कर दी। पीड़ित परिवार ने बताया कि हमलावरों ने करीब 10 राउंड से फायरिंग की। इससे सुनील की मौके पर ही मौत हो गई। इस वारदात के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। इस घटना में आरोपी पक्ष का भी एक युवक विपिन कुमार राय मारपीट के दौरान जख्मी हुआ है, जिसे इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
घटना के बारे में मृतक के परिजनों ने बताया कि ड्राइवर से विवाद को लेकर मंगलवार शाम से झगड़ा शुरू हुआ था। इसके बाद गांव के ही विपिन कुमार के परिवार वालों ने घर पर चढ़कर मारपीट की। स्थानीय लोगों के समझाने-बुझाने के बाद मामला शांत हुआ।
आरोप है कि विपिन कुमार ने रात करीब एक बजे में सरपंच सुनील कुमार राय के घर जाकर गोली मार दी। इससे मौके पर उनकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार ड्राइवर से विवाद को लेकर पहले पंचायत हुई थी। उधर, सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया। इस पूरे मामले पर कोई भी पुलिस अधिकारी कुछ भी बोलने से बचते नजर आ रहे हैं। थानाध्यक्ष गौरव प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।
बिहार में नहीं थम रहा अपराध
बिहार में आपराधिक घटनाओं में लगातार वृद्धि चिंता का विषय बनी हुई है। छपरा में हार्डवेयर व्यवसायी की हत्या, नवादा में व्यवसायी का शव मिलना और अब समस्तीपुर में एक जनप्रतिनिधि की सरेआम हत्या, ये सभी घटनाएं दर्शाती हैं कि अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ये वारदातें न केवल आम जनता में डर पैदा कर रही हैं, बल्कि राज्य की छवि को भी धूमिल कर रही हैं।



