दिल्ली। दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ कारिडोर पर सोमवार को नमो भारत में एक ही दिन में 1.25 लाख से अधिक यात्रियों ने यात्रा की, जो अभी तक का सबसे अधिक आंकड़ा है। एनसीआरटीसी के अधिकारियों ने बताया कि सोमवार को लगभग 1,25,500 यात्रियों ने कॉरिडोर पर यात्रा की, जो पिछले सभी आंकड़ों को पार कर गया। एनसीआरटीसी के अनुसार औसतन प्रतिदिन करीब एक लाख यात्री इस सेवा का उपयोग कर रहे हैं।
जाम से मिलेगी राहत
एनसीआरटीसी ने यात्रियों की बढ़ती संख्या का कारण यात्रा के समय में कमी, ट्रेनों के संचालन की विश्वसनीयता और मौजूदा गर्मी एवं लू की स्थिति को बताया। एजेंसी का यह भी कहना है कि कारिडोर पर रेल सेवाएं 99 प्रतिशत तक समयबद्धता बनाए हुए हैं, जिससे यात्रियों को सड़क यातायात जाम से बचते हुए समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचने में मदद मिल रही है।
मेरठ मेट्रो से स्थानीय यात्रा को बढ़ावा
मेरठ में इसी इंफ्रास्ट्रक्चर पर संचालित स्थानीय मेरठ मेट्रो सेवाओं ने शहर के भीतर यात्रा को और सुगम बनाया है। इससे यात्रियों को एक ही कॉरिडोर पर रीजनल और स्थानीय दोनों प्रकार की निर्बाध सुविधा उपलब्ध हो रही है।
आरामदायक और पर्यावरण-अनुकूल यात्रा

भीषण गर्मी (40–45 डिग्री सेल्सियस) के बीच पूर्णतः वातानुकूलित नमो भारत ट्रेनें यात्रियों को आरामदायक और सुरक्षित यात्रा प्रदान कर रही हैं। बढ़ती ईंधन कीमतों के बीच यह प्रणाली किफायती और पर्यावरण-अनुकूल सार्वजनिक परिवहन विकल्प के रूप में भी उभर रही है।
पीक आवर्स में अतिरिक्त सेवाएँ
यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए एनसीआरटीसी ने पीक आवर्स के दौरान 18 अतिरिक्त ट्रिप्स शुरू किए हैं। ये सेवाएँ सुबह 7:00 से 11:30 बजे तक और शाम 5:00 से 8:30 बजे तक सराय काले खाँ से मेरठ साउथ स्टेशन के बीच संचालित की जा रही हैं।
लगातार बढ़ती राइडरशिप का संकेत
राइडरशिप में लगातार वृद्धि यह दर्शाती है कि नमो भारत अब केवल एक परिवहन विकल्प नहीं, बल्कि यात्रियों के दैनिक जीवन का एक भरोसेमंद हिस्सा बनता जा रहा है।जाम से बचते हुए समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचने में मदद मिल रही है।इस काॅरिडोर के सबसे व्यस्त स्टेशनों में दिल्ली के सराय काले खां, न्यू अशोक नगर और आनंद विहार, साथ ही उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद और बेगमपुल स्टेशन शामिल हैं। मेट्रो सेवाओं, रेलवे, अंतरराज्यीय बस टर्मिनलों और शहर के बस नेटवर्क से कनेक्टिविटी के कारण ये स्टेशन कुल यात्रियों का 40 प्रतिशत से अधिक हिस्सा हैं।



