नई दिल्ली, 09 जनवरी। गुरु तेग बहादुर साहिब के नाम का कथित दुरुपयोग कर फर्जी वीडियो फैलाए जाने के विरोध में आम आदमी पार्टी (आप) के विधायकों ने शुक्रवार को दिल्ली विधानसभा परिसर में जोरदार हंगामा किया। ‘आप’ विधायकों ने गांधी प्रतिमा के पास धरना देकर भाजपा और मंत्री कपिल मिश्रा के खिलाफ नारेबाजी की तथा उनसे तत्काल इस्तीफा देने और उनकी विधानसभा सदस्यता रद्द करने की मांग की।

‘आप’ विधायक दल के मुख्य सचेतक संजीव झा ने आरोप लगाया कि भाजपा ने प्रदूषण, कानून-व्यवस्था, ठंड से हो रही मौतों और गंदे पानी जैसे गंभीर मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए गुरु साहिब का नाम जोड़कर एक फर्जी और एडिटेड वीडियो बनाया। उन्होंने कहा कि इस वीडियो के जरिए नेता प्रतिपक्ष आतिशी को बदनाम करने की साजिश रची गई, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
तिलक नगर से विधायक जरनैल सिंह ने कहा कि जब भी भाजपा के पास जनता को देने के लिए जवाब नहीं होते, वह धर्म की आड़ लेकर अपनी विफलताओं को छिपाने की कोशिश करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना किसी आधार के वीडियो चलाकर सदन की कार्यवाही भी बाधित कराई गई।

कोंडली से विधायक कुलदीप कुमार ने कहा कि असली मुद्दों से जनता का ध्यान हटाने के लिए कपिल मिश्रा ने नेता प्रतिपक्ष का एडिट किया हुआ वीडियो सोशल मीडिया पर फैलाया। वहीं, उप नेता प्रतिपक्ष मुकेश अहलावत ने कहा कि गुरु साहिब को लेकर झूठा वीडियो बनाना बेहद निंदनीय है और इसके लिए मंत्री कपिल मिश्रा को तुरंत अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।
‘आप’ विधायकों ने स्पीकर से मांग की कि इस मामले में दोषी भाजपा नेताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।



