नई दिल्ली: बीएसएनल ने एरिक्सन, क्वॉलकॉम, सिस्को और नोकिया के सहयोग से 5जी, एआई, साइबर सुरक्षा और नेटवर्किंग में उद्योग आधारित डिजिटल स्किल की शुरुआत की है। बीएसएनएल ने केंद्रीय संचार और पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया की उपस्थिति में चारों वैश्विक प्रौद्योगिकी दिग्गजों एरिक्सन इंडिया प्रा.लि., क्वालकॉम टेक्नोलॉजीज इंक, सिस्को सिस्टम्स और नोकिया सॉल्यूशंस एंड नेटवर्क्स इंडिया प्रा. लि. के साथ रणनीतिक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।
इससे डिजिटल इंडिया, स्किलिंग इंडिया, मेक इन इंडिया, स्टार्टअप इंडिया और आत्मनिर्भर भारत मिशन को बढ़ावा मिलेगा भारत के युवाओं को महत्वपूर्ण भविष्य-तकनीकी कौशल से लैस करके, यह पहल एक आत्मनिर्भर और वैश्विक रूप से प्रतिस्पर्धी डिजिटल भविष्य को आकार देने में मदद करेगी।
इस एमओयू के तहत जबलपुर में भारत रत्न भीम राव अंबेडकर दूरसंचार प्रशिक्षण संस्थान (बीआरबीआरएआईटीटी) में 5जी, एआई/एमएल, नेटवर्किंग और डिजिटल टेक्नॉलजी में अपग्रेडेड ट्रेनिंग पहल शुरू होगी। यह विकास, संचार मंत्रालय के दूरसंचार विभाग की ओर से टीआईआरटीसी स्थापित करने की व्यापक योजना की दिशा में पहल है। टीआईआरटीसी लंबे समय तक प्रोडक्शन इनोवेशन, प्रोटोटाइपिंग और दूरसंचार उद्यमिता को बढ़ावा देगा।
हर साल दो हजार छात्रों को मिलेगी ट्रेनिंग
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस कार्यक्रम से हर साल 2,000 से अधिक छात्रों को ट्रेनिंग मिलेगी। इसमें पहले चरण में करीब एक करोड़ रुपये से अधिक निवेश होगा। उन्होंने कहा कि पाठ्यक्रम – छोटे दो-सप्ताह के मॉड्यूल से लेकर गहन 84-घंटे के होंगे।
सरकार और उद्योग एक ही सिक्के के दो पहलू
उन्होंने बल देकर कहा, “सरकार और उद्योग एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। हम सब मिलकर अपने युवाओं की आकांक्षाओं को हकीकत में बदल सकते हैं।” सचिव (दूरसंचार) डॉ. नीरज मित्तल ने कहा, “यह एक निजी-सार्वजनिक साझेदारी है, जिसमें बीएसएनएल के साथ चार कंपनियां न केवल सार्वजनिक क्षेत्र के कर्मचारियों और प्रशिक्षकों को प्रशिक्षित करने के लिए हाथ मिला रही हैं बल्कि लघु, मध्यम और दीर्घकालिक पाठ्यक्रमों के माध्यम से दूरसंचार सेवा प्रदाताओं के छात्रों और कर्मचारियों को भी प्रशिक्षित कर रही हैं।
एरिक्सन इंडियाः बीआरबीआरएआईटीटी में एरिक्सन 5जी उत्कृष्टता केंद्र स्थापित करने में मदद करेगा जो एरिक्सन एजुकेट प्रोग्राम के तहत सालाना 2000 से अधिक छात्रों को व्यावहारिक 5जी प्रशिक्षण के साथ-साथ ऑनलाइन शिक्षण मॉड्यूल भी प्रदान करेगा। 5जी ऑनसाइट प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले छात्रों को बीएसएनएल की ओर से मुहैया कराए जा रही कक्षा के बुनियादी ढांचे का लाभ मिलेगा। एरिक्सन एजुकेट प्रोग्राम के ऑनलाइन प्रशिक्षण भाग से गुजरने वाले छात्रों को एरिक्सन के वैश्विक पाठ्यक्रम, प्रशिक्षकों और प्रयोगशाला सुविधाओं का लाभ मिलेगा – जिससे राष्ट्रीय प्राथमिकताओं के अनुरूप एक विश्वस्तरीय शिक्षण वातावरण का निर्माण होगा।
क्वालकॉम टेक्नोलॉजीजः बीआरबीआरएआईटीटी में क्वालकॉम संस्थान स्थापित करेगी जो छात्रों, बीएसएनएल प्रशिक्षकों और सरकारी हितधारकों के लिए उन्नत 5G और एआई प्रशिक्षण पर केंद्रित होगा। इस कार्यक्रम में प्रीमियम ऑनलाइन सामग्री लाइव सत्र और इंटर्नशिप शामिल होंगे। क्वालकॉम पहले वर्ष में पहले 100 प्रतिभागियों के प्रशिक्षण को प्रायोजित करेगा।
सिस्को सिस्टम्स नेटवर्किंगः साइबर सुरक्षा और आईटी इन्फ्रास्ट्रक्चर में कौशल बढ़ाने के लिए अपने सिस्को नेटवर्किंग अकादमी कार्यक्रम का लाभ उठाएगा। सिस्को ऑनलाइन पाठ्यक्रम और डिजिटल उपकरणों तक मुफ्त पहुंच देगा। जबकि बीएसएनएल देशभर के गैर-लाभकारी शैक्षणिक संस्थानों में कार्यान्वयन का समन्वय करेगा। इससे डिजिटल शिक्षा तक समान पहुंच होगी।
नोकिया सॉल्यूशंस एंड नेटवर्क्स इंडियाः बीआरबीआरएआईटीटी में 5जी उत्कृष्टता केंद्र और एआई/एमएल लैब के निर्माण में सहयोग करेगा। इस कार्यक्रम के तहत प्रतिवर्ष 300 छात्रों को 5जी रेडियो, कोर नेटवर्क और एआई/एमएल ऐप का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें दूरसंचार क्षेत्र कौशल परिषद के सहयोग से नोकिया और बीआरबीआरएआईटीटी द्वारा एक संयुक्त प्रमाणन कार्यक्रम भी शामिल है।



