एचआईवी संक्रमण में 49% और मौतों में 81% की कमी

भारत ने एनएसीपी-5 के तहत एचआईवी संक्रमण में 48.7% और एड्स मौतों में 81.4% की कमी दर्ज की है। युवा जागरूकता, रोकथाम और कलंक उन्मूलन पर नए अभियान की शुरुआत होगी।

Share This Article:

नई दिल्ली। भारत एड्स को समाप्त करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। एचआईवी संक्रमण में 49% की कमी, जबकि एड्स से होने वाली मौतों में 81% की कमी दर्ज की गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा 1 दिसंबर, 2025 को विज्ञान भवन में विश्व एड्स दिवस 2025 के वार्षिक राष्ट्रीय समारोह का नेतृत्व करेंगे। इस कार्यक्रम का उद्देश्य भारत में एचआईवी/एड्स को सार्वजनिक स्वास्थ्य खतरे के रूप में समाप्त करने की दिशा में राष्ट्रीय प्रयासों को और सशक्त करना है। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी, नाको के शीर्ष प्रतिनिधि और स्वास्थ्य सेवाओं के महानिदेशक मौजूद रहेंगे, जो एचआईवी की रोकथाम, उपचार, देखभाल और भेदभाव उन्मूलन के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित करेंगे।

कार्यक्रम में HIV के साथ जीवन जी रहे लोग होंगे शामिल

राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (एनएसीओ) द्वारा आयोजित समारोह में सरकारी प्रतिनिधि, विकास साझेदार, युवा प्रतिनिधि, एचआईवी के साथ जीवन जी रहे लोग, समुदाय आधारित संगठन और अग्रणी स्वास्थ्य कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम भारत के सामूहिक प्रयासों को प्रदर्शित करेगा, जिसका लक्ष्य एड्स को एक सार्वजनिक स्वास्थ्य खतरे के रूप में समाप्त करना है।

कार्यक्रम की शुरुआत युवाओं द्वारा एक फ्लैश प्रस्तुति से होगी, जिसमें जागरूकता, रोकथाम और जिम्मेदार व्यवहार का संदेश दिया जाएगा। इसके बाद विषयगत प्रदर्शनी का उद्घाटन होगा, जिसमें राष्ट्रीय एड्स एवं यौन संचारित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के डिजिटल नवाचार, उपलब्धियाँ और सामुदायिक मॉडल प्रदर्शित किए जाएंगे। लाभार्थियों की प्रेरक कहानियों और दृश्य-श्रव्य सामग्री के माध्यम से एनएसीपी-5 के तहत भारत की प्रगति और भविष्य की प्राथमिकताओं को प्रस्तुत किया जाएगा।

इस समारोह का एक प्रमुख आकर्षण नाको की नई राष्ट्रीय मल्टीमीडिया अभियान श्रृंखला का शुभारंभ होगा। यह श्रृंखला तीन मुख्य आधार युवा एवं जागरूकता, माँ से बच्चे में एचआईवी संचरण का उन्मूलन और कलंक एवं भेदभाव समाप्त करने पर आधारित होगी। साथ ही “संकलक” का 7वां संस्करण, “भारत एचआईवी अनुमान 2025”, अनुसंधान संग्रह और आईटी-सक्षम वर्चुअल हस्तक्षेप लैंडिंग पृष्ठ जैसी महत्वपूर्ण राष्ट्रीय रिपोर्टें भी जारी की जाएंगी। कार्यक्रम में एक लाइव संगीत प्रस्तुति भी शामिल होगी, जिसका संदेश होगा शीघ्र जांच, समय पर उपचार और आत्मविश्वास के साथ जीवन जीना।

एनएसीपी-5 के तहत भारत ने हाल के वर्षों में उल्लेखनीय प्रगति की है। एचआईवी जांच, उपचार और वायरल लोड टेस्टिंग में वृद्धि ने देश के एचआईवी नियंत्रण कार्यक्रम को अधिक मजबूत बनाया है। नीचे दी गई तालिका इस प्रगति का स्पष्ट विवरण प्रस्तुत करती है:-

भारत की एचआईवी/एड्स प्रगति – (NACP-5)

प्रगति बिंदु2020-212024-25परिवर्तन
एचआईवी टेस्टिंग4.13 करोड़6.62 करोड़60% से अधिक वृद्धि
एआरटी उपचार पाने वाले पीएलएचआईवी14.94 लाख18.60 लाख3.66 लाख की वृद्धि
वायरल लोड टेस्ट8.90 लाख15.98 लाखलगभग दोगुनी वृद्धि
2010–2024 नए एचआईवी संक्रमण48.7% की कमी
2010–2024 एड्स से मौत81.4% की गिरावट
माँ से बच्चे में संक्रमण74.6% की कमी

इन उपलब्धियों से स्पष्ट होता है कि भारत ने एचआईवी/एड्स के खिलाफ लड़ाई में वैश्विक औसत से बेहतर प्रदर्शन किया है। नए संक्रमण, एड्स से मौत और माँ से बच्चे में एचआईवी संक्रमण में भारी कमी से यह साबित होता है कि देश की रणनीतियां साक्ष्य आधारित, प्रभावी और सामुदायिक सहभागिता पर आधारित हैं। विश्व एड्स दिवस 2025 का यह आयोजन भारत के इस संकल्प को और मजबूत करेगा कि एड्स को समाप्त करने की दिशा में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।

Sandeep Kumar

sandeepx4a@gmail.com

संदीप कुमार एक अनुभवी वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें समाचार जगत में 14 साल से ज्यादा काम किया है। इन्हें गहन शोध, सटीक रिपोर्टिंग और निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए जाना जाता है। उन्होंने ETV Bharat, Hyderabad में साढ़े पाँच वर्षों तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और राष्ट्रीय से लेकर क्षेत्रीय स्तर तक कई अहम खबरों को प्रभावशाली अंदाज में प्रस्तुत किया। इसके साथ ही उन्होंने Network 10, TOTAL News, MH1 समेत कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी अपनी पत्रकारिता का कौशल साबित किया। राजनीति, राष्ट्रीय सुरक्षा, समाज और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों पर पकड़ मजबूत है। इस समय newG india में कार्यरत हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

न्यूज़लेटर के लिए सब्सक्राइब करें

कैटेगरीज़

हम वह खबरची हैं, जो खबरों के साथ खबरों की भी खबर रखते हैं। हम NewG हैं, जहां खबर बिना शोरगुल के है। यहां news, without noise लिखी-कही जाती है। विचार हममें भरपूर है, लेकिन विचारधारा से कोई खास इत्तेफाक नहीं। बात हम वही करते हैं, जो सही है। जो सत्य से परामुख है, वह हमें स्वीकार नहीं। यही हमारा अनुशासन है, साधन और साध्य भी। अंगद पांव इसी पर जमा रखे हैं। डिगना एकदम भी गवारा नहीं। ब्रीफ में यही हमारा about us है।

©2025 NewG India. All rights reserved.