क्या राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा से विपक्ष दे पाएगा एनडीए को मात?

पूरे महागठबंधन के साथ लोक सभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी बेशक बिहार में वोटर अधिकार यात्रा पर हैं, लेकिन बड़ा सवाल यही है कि यात्रा क्या NDA को मात दे सकेगी?

Share This Article:

नई दिल्ली: राहुल गांधी ने बिहार के सासाराम से वोटर अधिकार यात्रा शुरू कर दी है। इससे पहले राहुल गांधी देश व्यापी भारत जोड़ो यात्रा और भारत जोड़ो न्याय यात्रा कर चुके हैं। दो हिस्सों में हुई इन दोनों यात्राओं के बूते भले ही कांग्रेस, केंद्र में सरकार न बना सकी हो लेकिन इससे राहुल गांधी की छवि में जरुर बदलाव आया है और बड़े स्तर पर लोगों में उनके प्रति धारणा बदली। बाद में इसका कांग्रेस को फायदा भी मिला।

लेकिन सवाल ये है कि क्या बिहार में वोट अधिकार यात्रा से विपक्ष, मोदी-नीतीश की जोड़ी को मात दे सकेगी ? दरअसल, कांग्रेस और आरजेडी समेत पूरा विपक्ष बिहार में वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (विशेष गहन पुनरीक्षण ) के जरिए न सिर्फ चुनाव आयोग बल्कि एनडीए सरकार को घेर रहा है। हालांकि, एसआईआर का चुनाव नतीजों पर क्या असर होगा, ये तो बाद में पता चलेगा लेकिन इतना जरुर है कि राहुल गांधी, इस मुद्दे को जनता के बीच ले जाने में कामयाब हुए हैं। कर्नाटक के एक विधानसभा क्षेत्र के कथित फर्जी वोटों के मामले का उदाहरण देकर उन्होंने ये संदेश देने की कोशिश की है कि इससे जनमत का अपहरण हो सकता है। यही वजह है कि चुनाव आयोग को राहुल गांधी के आरोपों के खिलाफ खुद मैदान में उतरकर प्रेस कांफ्रेंस करनी पड़ी है।

लेकिन राहुल गांधी ये नेरेटिव तो सेट करने में कामयाब हुए ही है कि चुनाव में गड़बड़ियां हुई हैं और एसआईआर की कवायद भी इसी का हिस्सा हो सकती है। अब बिहार में चुनाव से ऐन पहले वोट अधिकार यात्रा शुरू करके राहुल गांधीअपने इसी नेरेटिव को जनता के बीच और मजबूत करने की कोशिश करेंगे। जाहिर है कि अगर ये नेरेटिव मजबूत हुआ तो इसका असर बिहार विधानसभा चुनाव पर पड़ना तय है।

मंच पर मौजूद राहुल गांधी, लालू प्रसाद यादव, मल्लिकार्जुन खरगे, तेजस्वी यादव समेत महागठबंधन का शीर्ष नेतृत्व

इसके बावजूद सवाल है कि क्या सिर्फ इसी से ही विपक्ष, चुनाव जीत पाएगा ? जरुरी नहीं है। पांच साल पहले चुनाव को याद करिए, ऐसा लगा था कि बाजी पलटने वाली है लेकिन एनडीए ने जीत हासिल कर ली। वजह थी, एनडीए की रणनीति। वोट अधिकार यात्रा, वोट चोरी या एसआईआर के मुद्दे को लेकर जनता के बीच जाकर उन्हें लामबंद करने की कोशिश तो हो सकती है, लेकिन चुनाव जीतने के लिए जब तक जमीनी स्तर पर रणनीति नहीं बनेगी, जीत आसान नहीं होगी। एनडीए के पास नरेन्द्र मोदी और नीतीश कुमार जैसे बड़े चेहरे हैं। जाहिर है कि ये दोनों नेता अपनी पूरी ताकत लगा देंगे। सरकारी योजनाओं का ऐलान होगा, हो भी रहा है और साथ ही मजबूत चुनाव प्रचार अभियान की रणनीति भी। उसका मुकाबला करने के लिए उम्मीदवारों के चयन से लेकर, गठबंधन, सीटों के बंटवारे और जाइंट कैंपेन के लिए तरीके नहीं अपनाए गए तो वोट अधिकार यात्रा और एसआईआर जैसे मुद्दे भी विपक्ष को सत्ता के किनारे पर नहीं ले जा सकेंगे।

इसको भी पढ़ें: महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन होंगे एनडीए के उपराष्ट्रपति उम्मीदवार

विपक्ष की जीत इस बात पर भी निर्भर करेगी कि विपक्षी गठबंधन की पार्टियां, एनडीए को मात देने के लिए किस हद तक सीटों की कुर्बानी देने को तैयार हैं। पिछले चुनाव में याद करिए, कांग्रेस कितनी सीटों पर लड़ी और कितनी पर जीती ? ऐसे में जरुरी है कि स्ट्राइक रेट पर विपक्ष को फोकस करना होगा। बिना बेहतरीन स्ट्राइक रेट के अगर विपक्षी पार्टियों ने चुनाव लड़ा तो एसआईआर जैसे मुद्दे भी उनकी मदद नहीं कर सकेंगे।

Gulshan Rai Khatri

gulshanraikhatri@gmail.com

गुलशन राय खत्री 35 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता में हैं। दैनिक जागरण और जनसत्ता में रिपोर्टिंग के बाद नवभारत टाइम्स में लगभग 33 साल तक पत्रकारिता की। सिटी रिपोर्टिंग के अलावा नवभारत टाइम्स के नैशनल ब्यूरो में रहते हुए नैशनल बीजेपी, रेलवे, शहरी विकास, रोड ट्रांसपोर्ट जैसे कई मंत्रालयों की रिपोर्टिंग की। बाद में 6 साल नवभारत टाइम्स में मेट्रो एडिटर रहने के बाद रिटायर हुए। अब स्वतंत्र पत्रकारिता कर रहे हैं और न्यूजी इंडिया के लिए भी लिखते हैं।

http://www.newgindia.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

न्यूज़लेटर के लिए सब्सक्राइब करें

कैटेगरीज़

हम वह खबरची हैं, जो खबरों के साथ खबरों की भी खबर रखते हैं। हम NewG हैं, जहां खबर बिना शोरगुल के है। यहां news, without noise लिखी-कही जाती है। विचार हममें भरपूर है, लेकिन विचारधारा से कोई खास इत्तेफाक नहीं। बात हम वही करते हैं, जो सही है। जो सत्य से परामुख है, वह हमें स्वीकार नहीं। यही हमारा अनुशासन है, साधन और साध्य भी। अंगद पांव इसी पर जमा रखे हैं। डिगना एकदम भी गवारा नहीं। ब्रीफ में यही हमारा about us है।

©2025 NewG India. All rights reserved.