PM मोदी-कार्नी वार्ता में व्यापार-निवेश को नई उड़ान

जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कनाडा, इटली, जापान, दक्षिण अफ्रीका सहित कई देशों के नेताओं से मुलाकात कर व्यापार, सुरक्षा, तकनीक और वैश्विक सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा की।

Share This Article:

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (PM Narendra Modi) ने रविवार को जी-20 शिखर सम्मेलन (G20 Summit) के इतर कई देशों के शीर्ष नेताओं से मुलाकात (Bilateral Meetings) की और व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी तथा वैश्विक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर गहन चर्चा की। इन बैठकों का उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय साझेदारी को नए स्तर पर ले जाना और बहुपक्षीय सहयोग को मजबूत करना था।

कनाडाई प्रधानमंत्री मार्क कार्नी से बैठक

पीएम मोदी और कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी (Mark Carney) की मुलाकात में दोनों देशों ने कारोबार और रक्षा क्षेत्र में सहयोग को नई दिशा देने पर सहमति जताई। बातचीत के दौरान ऊर्जा और अंतरिक्ष अनुसंधान में साझेदारी बढ़ाने पर विशेष फोकस रहा।

मोदी ने ‘एक्स’ पर लिखा कि दोनों देशों का लक्ष्य 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को 50 अरब डॉलर तक ले जाने का है। उन्होंने बताया कि कनाडा के बड़े पेंशन फंड भारत में निवेश को लेकर गहरी रुचि दिखा रहे हैं। गौरतलब है कि 2024 में भारत-कनाडा व्यापार 30 अरब डॉलर का आंकड़ा पार कर चुका है और भारत कनाडा के प्रमुख व्यापारिक साझेदारों में शुमार हो चुका है।

इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के साथ बातचीत

इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी (Giorgia Meloni) के साथ मुलाकात में आतंकवाद पर कड़े कदम उठाने और सुरक्षा सहयोग को गहरा करने पर सहमति बनी। मेलोनी ने लाल किला आतंकी हमले पर भारत के प्रति एकजुटता व्यक्त की और दोनों देशों ने आतंकी फंडिंग रोकने के लिए भारत-इटली संयुक्त पहल को अपनाया।

इस समझौते का उद्देश्य वैश्विक मंचों खासकर एफएटीएफ पर सहयोग बढ़ाना है। यह मुलाकात दो दिनों में दोनों नेताओं की दूसरी भेंट थी, जो संबंधों की मजबूती को दर्शाती है।

जापान की प्रधानमंत्री सानाए ताकाइची से विकास साझेदारी पर चर्चा

पीएम मोदी ने जापान की प्रधानमंत्री सानाए ताकाइची से मुलाकात की और रक्षा, प्रतिभा विनिमय तथा नवाचार आधारित विकास पर बातचीत की। दोनों देशों ने टेक्नोलॉजी और व्यापारिक संबंधों को आगे बढ़ाने के तरीकों पर विस्तार से चर्चा की। मोदी ने लिखा कि भारत-जापान संबंध एशियाई प्रगति के लिए महत्वपूर्ण हैं।

दक्षिण अफ्रीका, जमैका और नीदरलैंड से भी हुई मुलाकातें

दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा के साथ बैठक में रणनीतिक साझेदारी पर विचार-विमर्श हुआ। जमैका के प्रधानमंत्री एंड्रयू होल्नेस से बातचीत में मोदी ने कहा कि दो देशों के बीच ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंध साझेदारी को और मजबूत बनाते हैं।

नीदरलैंड के प्रधानमंत्री डिक शूफ के साथ बातचीत के दौरान जल प्रबंधन, ऊर्जा और नवाचार जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

इसके अलावा पीएम मोदी ने IMF प्रमुख क्रिस्टलीना जॉर्जिवा के साथ भी वैश्विक आर्थिक चुनौतियों पर विचार साझा किए।

सम्मेलन के बाद पीएम मोदी की स्वदेश वापसी

जी-20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने और द्विपक्षीय बैठकों का सिलसिला पूरा करने के बाद पीएम मोदी रविवार शाम स्वदेश लौट गए। उन्होंने कहा कि जोहानिसबर्ग में आयोजित सफल सम्मेलन समृद्ध और टिकाऊ भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

मोदी ने दक्षिण अफ्रीका के लोगों और राष्ट्रपति रामफोसा को उत्कृष्ट आयोजन के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि इन चर्चाओं से भारत के अंतरराष्ट्रीय संबंध और मजबूत होंगे।

Sakshi Pal

sakshipal8700@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

न्यूज़लेटर के लिए सब्सक्राइब करें

कैटेगरीज़

हम वह खबरची हैं, जो खबरों के साथ खबरों की भी खबर रखते हैं। हम NewG हैं, जहां खबर बिना शोरगुल के है। यहां news, without noise लिखी-कही जाती है। विचार हममें भरपूर है, लेकिन विचारधारा से कोई खास इत्तेफाक नहीं। बात हम वही करते हैं, जो सही है। जो सत्य से परामुख है, वह हमें स्वीकार नहीं। यही हमारा अनुशासन है, साधन और साध्य भी। अंगद पांव इसी पर जमा रखे हैं। डिगना एकदम भी गवारा नहीं। ब्रीफ में यही हमारा about us है।

©2025 NewG India. All rights reserved.