नई दिल्ली: नौ सेना के दो जहाज दूसरे देशों से भारत के रिश्तों को नया मुकाम दे रहे हैं। नेपल्स और इटली में आईएनएस तमाल के पहुंचने से जहां संबंध मजबूत हुए वहीं, आईएनएस राणा और आईएनएस ज्योति श्रीलंका में भारत की विदेशी कूटनीति को धार देंगे।
एक साथ अभ्यास करेंगे श्रीलंका-भारत
भारतीय नौसेना के जहाज आईएनएस राणा (निर्देशित मिसाइल विध्वंसक) और आईएनएस ज्योति (फ्लीट टैंकर) 14 से 18 अगस्त 2025 तक होने वाले श्रीलंका-भारत नौसेना अभ्यास (एसएलआईएनईएक्स-25) के 12वें संस्करण में पहुंचे हैं। 2005 में अस्तित्व में आए एसएलआईएनईएक्स एक-द्विपक्षीय नौसैनिक अभ्यास है। इससे दो दशकों में दोनों देशों के बीच समुद्री सहयोग को मजबूत किया है।
एसएलआईएनईएक्स का उद्देश्य संयुक्त रूप से बहुआयामी समुद्री संचालन के साथ इंटरऑपरेबिलिटी, समुद्री सहयोग को बढ़ाना और सर्वोत्तम प्रथाओं का आदान-प्रदान करना है। एसएलआईएनईएक्स का पिछला संस्करण 17 से 20 दिसंबर 2024 तक भारत के विशाखापत्तनम में आयोजित किया गया था।
यह अभ्यास दो चरणों में आयोजित किया जाएगा। पहला चरण कोलंबो में हार्बर चरण के साथ 14 से 16 अगस्त तक और 17 से 18 अगस्त तक समुद्री चरण। एसएलएनएस गजबाहु और विजयबाहु (दोनों उन्नत अपतटीय गश्ती पोत) श्रीलंकाई नौसेना का प्रतिनिधित्व करेंगे और दोनों नौसेनाओं के विशेष बल भी अभ्यास में शामिल होंगे।
हार्बर चरण
- आपसी समझ को बेहतर बनाने संबंधित बातचीत
- विशेषज्ञता का आदान-प्रदान (एसएमईई)
- सर्वोत्तम प्रथाओं को साझा करने
सांस्कृतिक और सामाजिक आदान-प्रदान के साथ-साथ योग सत्र और खेल आयोजनों की योजना बनाई गई है, जिससे दोनों नौसेनाओं के बीच मैत्री और सौहार्द के बंधन को और मजबूत किया जा सकेगा।
समुद्री चरण के दौरान नियोजित नौसैनिक अभ्यासों में तोपखानों से फायरिंग, संचार प्रोटोकॉल, नेविगेशन, नौसैन्य कौशल विकास, विजिट-बोर्ड-सर्च-सीजर (वीबीएसएस) और समुद्र में ईंधन भरना शामिल हैं।
आईएनएस तमाल ने नेपल्स, इटली का दौरा किया
रूस में कमीशनिंग के बाद भारतीय नौसेना का नवीनतम स्टील्थ फ्रिगेट आईएनएस तमाल के बाद भारत लौटते समय 13 अगस्त को नेपल्स, इटली पहुंचा। यह यात्रा 2023 में ‘रणनीतिक साझेदारी’ के रूप में भारत और इटली के बीच द्विपक्षीय संबंधों के प्रगाढ़ होने को रेखांकित करती है। यह रक्षा, ऊर्जा और प्रौद्योगिकी में विस्तारित सहयोग पर केंद्रित है। इसका उद्देश्य दोनों नौसेनाओं के बीच अंतर-संचालन और संयुक्त कौशल को बढ़ाना है।
आईएनएस तमाल ने नेपल्स बंदरगाह में प्रवेश करने से पहले, इतालवी नौसेना के लैंडिंग प्लेटफ़ॉर्म डॉक, आईटीएस ट्राइस्टे के साथ एक पैसेज अभ्यास (पासेक्स) में भाग लिया। पासेक्स के दौरान संयुक्त अभियानों में संचार अभ्यास, युद्धाभ्यास और उड़ान संचालन शामिल थे।
इसको भी पढ़ें: पूरी दुनिया को पीएम का सख्त संदेश, अब परमाणु ब्लैकमेल नहीं सहेगा भारत
बंदरगाह प्रवास के दौरान पोत के कार्यक्रमों में पेशेवर और द्विपक्षीय गतिविधियां शामिल हैं। इनमें नेपल्स में नागरिक गणमान्य व्यक्तियों के साथ बातचीत, क्रॉस-डेक दौरे, वरिष्ठ इतालवी नौसेना अधिकारियों के साथ चर्चा और भारत-इटली संबंधों के सम्मान में सांस्कृतिक कार्यक्रम शामिल हैं।
आईएनएस तमाल ने आज 15 अगस्त 2025 को नेपल्स में भारत का 79वां स्वतंत्रता दिवस मनाया। आईएनएस तमाल का बंदरगाह प्रवास इस बात का संकेत है कि भारत इटली के साथ अपने संबंधों को कितना महत्व देता है और यह दोनों देशों के बीच बढ़ते रक्षा सहयोग को मजबूत करता है। यह दोनों नौसेनाओं को सर्वोत्तम प्रथाओं को साझा करने और सहयोग के नए रास्ते तलाशने का अवसर भी प्रदान करता है।



