नई दिल्ली: संसद के मानसून सत्र का आगाज हंगामेदार रहा। सोमवार संसद के दोनों सदनों में जमकर हंगामा हुआ। इसकी वजह से सदन की कार्यवाही को बार-बार स्थगित करना पड़ा। बाद में सदन की बैठक मंगलवार तक के लिए स्थगित कर दी गई। इस बीच, ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा के लिए सरकार तैयार हो गई है। लोकसभा में 16 घंटे और राज्यसभा में 9 घंटे इस मुद्दे पर बहस होगी।
जानकारी के अनुसार, बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक में संसद के बजट सत्र के दौरान लोकसभा में विभिन्न विधेयकों और महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा के लिए समय निर्धारित किया गया है। ऑपरेशन सिंदूर पर लोकसभा में 16 घंटे और राज्यसभा में 9 घंटे की चर्चा के लिए सहमति बनी है। हालांकि, ये चर्चा अगले सप्ताह किस दिन से शुरू होगी, इसकी तारीख अभी तय नहीं की गई है। विपक्ष इस बात पर अड़ा हुआ है कि यह चर्चा इसी हफ्ते शुरू होनी चाहिए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जवाब देना चाहिए।
उधर, सूत्र बताते हैं किकार्यमंत्रणा समिति की बैठक में सरकारी प्रतिनिधियों ने इस बात पर गौर किया कि प्रधानमंत्री मोदी इस हफ्ते विदेश यात्रा पर जा रहे हैं। इसलिए सदन में उनकी मौजूदगी में चर्चा अगले हफ्ते ही संभव हो पाएगी। इस पर विपक्षी सदस्यों ने इस बात पर विरोध जताया कि इस हफ्ते के सरकारी एजेंडे में इस मुद्दे पर बहस की उनकी मांग का उल्लेख नहीं है। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री और रक्षा मंत्री को भी उपस्थित रहना चाहिए।
इसके अलावा, भारतीय डाक विधेयक पर लोकसभा में 3 घंटे की चर्चा का समय तय किया गया है। साथ ही, आयकर संशोधन विधेयक पर लोकसभा में 12 घंटे तक विस्तृत चर्चा होगी। राष्ट्रीय खेल विधेयक पर 8 घंटे की चर्चा निर्धारित की गई है और मणिपुर बजट पर 2 घंटे की चर्चा होगी। इसके साथ ही तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) ने 1975 के आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ पर चर्चा की मांग की है। वहीं, भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश में बारिश और बाढ़ की स्थिति पर चर्चा के अनुरोध किया है।
संसद के मानसून सत्र के पहले दिन विपक्षी सांसदों ने ऑपरेशन सिंदूर और पहलगाम आतंकी हमले पर सदन में चर्चा कराने की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की थी, जिसके चलते लोकसभा अध्यक्ष को सदन की कार्यवाही पहले 12 बजे फिर 2 बजे फिर 4 बजे तक के लिए स्थगित कर दी थी। बैठक जब शुरू हुई तो विपक्ष के सांसदों ने फिर शोरगुल शुरू कर दिया जिसके बाद सदन की कार्रवाई मंगलवार तक कि लिए स्थगित कर दी गई।



