एसएसबी के भारत दर्शन कार्यक्रम ने युवाओं में भरा राष्ट्रबोध

गृह मंत्रालय के निर्देशानुसार सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) द्वारा नागरिक कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत जम्मू एवं कश्मीर के युवाओं के लिए ‘भारत दर्शन’ शैक्षिक भ्रमण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।

Share This Article:

नई दिल्ली। गृह मंत्रालय के निर्देशानुसार सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) द्वारा नागरिक कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत जम्मू एवं कश्मीर के युवाओं के लिए ‘भारत दर्शन’ शैक्षिक भ्रमण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य सुदूर एवं सीमावर्ती क्षेत्रों के युवाओं को देश की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं शैक्षिक विरासत से परिचित कराना तथा उनमें राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को मजबूत करना है।

जम्मू क्षेत्र के युवाओं का शैक्षिक भ्रमण

07वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, जम्मू के कार्यक्षेत्र से 30 युवाओं का एक दल 15 से 21 जनवरी 2026 तक भारत दर्शन कार्यक्रम में शामिल हुआ। इस दल में रियासी, जम्मू, डोडा, किश्तवाड़ एवं राजौरी जिलों के युवा सम्मिलित थे। भ्रमण के दौरान युवाओं ने हवाई, रेल और बस मार्ग से जम्मू, हैदराबाद और नई दिल्ली की यात्रा की।

हैदराबाद प्रवास के दौरान युवाओं ने चारमीनार, रामोजी फिल्म सिटी, सालार जंग संग्रहालय, कुतुब शाही मकबरे एवं गोलकुंडा किला का भ्रमण किया। नई दिल्ली में उन्होंने प्रधानमंत्री संग्रहालय, राष्ट्रीय पुलिस स्मारक, अक्षरधाम मंदिर तथा लाल किला का अवलोकन किया।

कश्मीर क्षेत्र के युवाओं का पूर्वोत्तर से दिल्ली तक सफर

इसी क्रम में 13वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, डिग्निबल के कार्यक्षेत्र से 25 युवाओं का एक अन्य दल 16 से 22 जनवरी 2026 तक आयोजित भारत दर्शन कार्यक्रम में सम्मिलित हुआ। यह दल गांदरबल, कुपवाड़ा, बांदीपोरा, बडगाम, अनंतनाग, कुलगाम, श्रीनगर, राजौरी एवं पुलवामा जिलों से संबंधित था। युवाओं ने हवाई और बस मार्ग से गुवाहाटी से शिवसागर होते हुए नई दिल्ली की यात्रा की।

भ्रमण के दौरान युवाओं ने काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान, शिवसागर के ऐतिहासिक स्थल रंग घर, तलातल घर, अहोम संग्रहालय एवं चराइदेव मैदाम का भ्रमण किया। गुवाहाटी में युवाओं के लिए राज्यपाल के साथ संवाद सत्र का आयोजन किया गया। इसके अतिरिक्त श्रीमंत शंकरदेव कलाक्षेत्र, राज्य संग्रहालय एवं गुवाहाटी युद्ध स्मारक का भी अवलोकन कराया गया।

दिल्ली में महानिदेशक से संवाद

दोनों दल नई दिल्ली पहुंचे, जहां युवाओं ने सशस्त्र सीमा बल के महानिदेशक संजय सिंघल से संवाद किया। दिल्ली प्रवास के दौरान युवाओं ने राष्ट्रीय पुलिस स्मारक, कर्तव्य पथ, प्रधानमंत्री संग्रहालय, राष्ट्रीय संग्रहालय, इंडिया गेट, राष्ट्रीय रेल संग्रहालय एवं राष्ट्रीय विज्ञान केंद्र का भ्रमण किया।

युवाओं ने साझा किए अनुभव

बल मुख्यालय में महानिदेशक संजय सिंघल ने युवाओं से बातचीत की। इस दौरान छात्रों ने अपने यात्रा अनुभव साझा करते हुए बताया कि यह शैक्षिक भ्रमण उनके लिए अत्यंत लाभकारी और प्रेरणादायक रहा। कार्यक्रम के माध्यम से उन्हें देश की विविध संस्कृति और ऐतिहासिक धरोहरों को नजदीक से जानने का अवसर मिला, जिससे उनके भीतर देशभक्ति की भावना और अधिक सुदृढ़ हुई।

महानिदेशक ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के शैक्षिक भ्रमण सुदूर एवं सीमावर्ती क्षेत्रों के युवाओं के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने युवाओं को निष्ठा, परिश्रम और अनुशासन के साथ शिक्षा ग्रहण करने का आह्वान किया तथा कहा कि सशस्त्र सीमा बल भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा।

Pooja Thakur

pt37557@gmail.com

मीडिया की दुनिया में पिछले 3 सालों से सक्रिय। वर्तमान में Newg India में बतौर कंटेंट राइटर और मल्टीमीडिया प्रोड्यूसर काम कर रही हूं, जहां हर कहानी को एक नए नजरिए से पेश करने की कोशिश करती हूं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

न्यूज़लेटर के लिए सब्सक्राइब करें

कैटेगरीज़

हम वह खबरची हैं, जो खबरों के साथ खबरों की भी खबर रखते हैं। हम NewG हैं, जहां खबर बिना शोरगुल के है। यहां news, without noise लिखी-कही जाती है। विचार हममें भरपूर है, लेकिन विचारधारा से कोई खास इत्तेफाक नहीं। बात हम वही करते हैं, जो सही है। जो सत्य से परामुख है, वह हमें स्वीकार नहीं। यही हमारा अनुशासन है, साधन और साध्य भी। अंगद पांव इसी पर जमा रखे हैं। डिगना एकदम भी गवारा नहीं। ब्रीफ में यही हमारा about us है।

©2025 NewG India. All rights reserved.