पटना: हीरो पुरुष एशिया हॉकी कप 2025 के इंतजार की घड़ी खत्म हो गई है। शुक्रवार यानी 29 अगस्त को बिहार के राजगीर में हॉकी के दिग्गज मेजर ध्यानचंद की जयंती राष्ट्रीय खेल दिवस पर 12वें हॉकी एशिया कप का आगाज होने जा रहा है। प्रतियोगिता में आठ शीर्ष एशियाई देश, जापान, चीन, कजाखस्तान, मलेशिया, कोरिया, बांग्लादेश और चीनी ताइपे की टीमें हिस्सा ले रही हैं। सभी टीमें राजगीर पहुंच गई हैं जहां हीरों एशिया कप 2025 के लिए 10 दिन तक एक दूसरे के साथ प्रतिस्पर्धा करती दिखाई देंगी। प्रतियोगिता के सभी मैच 29 अगस्त से 7 सितंबर तक राजगीर के अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर में खेले जाएंगे। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 7 सितंबर को खेला जाएगा।
यह 2026 विश्व कप हॉकी के लिए क्वालीफायर भी है
यह आयोजन इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि यह 2026 विश्व कप हॉकी के लिए क्वालीफायर भी है। एशिया कप हॉकी के पिछले 11 इस संस्करणों में गत विजेता दक्षिण कोरिया ने 5 बार एशिया कप का खिताब जीता है। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक-सह-सीईओ रवीद्रन शंकरण ने कहा कि यह पहला मौका है जब पुरुष एशिया हॉकी कप बिहार के राजगीर में आयोजित किया जा रहा है। यह एशिया कप हॉकी का 12वां संस्करण है, जिसमें कुल आठ टीमें भाग ले रही हैं।
दक्षिण कोरिया भाग लेने वाली सबसे सफल टीम
अब तक आयोजित 11 संस्करणों में से, गत विजेता दक्षिण कोरिया पुरुष एशिया कप में भाग लेने वाली सबसे सफल टीम है। क्योंकि उसने वर्ष 1994, 1999, 2009, 2013 और 2022 में पांच बार टूर्नामेंट का खिताब जीता है। जबकि मेजबान भारत ने 2003, 2007 और 2017 में इस खिताब पर अपना कब्जा जमाया है। जबकि पाकिस्तान ने भी वर्ष 1982, 1985 और 1989 में तीन बार इसका खिताब जीता है।
राजगीर में होने वाले सभी मैचों में प्रवेश नि:शुल्क
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक-सह-सीईओ रवीद्रन शंकरण बताया कि हॉकी प्रशंसकों को स्टेडियम में मैच देखने के लिए आकर्षित करने के लिए हॉकी इंडिया ने पहले ही घोषणा कर दी है कि राजगीर में होने वाले एशिया कप के सभी मैचों में प्रवेश नि:शुल्क होगा। हॉकी मैच देखने के लिए नि:शुल्क टिकट कोई भी प्रशंसक www.ticketgenie.in या हॉकी इंडिया ऐप पर जाकर अपने टिकट के लिए पंजीकरण करा सकता है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें एक वर्चुअल टिकट प्राप्त होगा। आयोजन स्थल पर किसी भी तरह के भीड़-भाड़ से बचने और प्रशंसकों को बिना किसी खर्च के विश्वस्तरीय हॉकी के रोमांच का आनंद लेने के लिए ये व्यवस्था की गई हैं, जिससे यह खेल पहले से कहीं अधिक लोकप्रियता हासिल कर सके
टूर्नामेंट में कुल 24 मैच खेले जाएंगे
इस टूर्नामेंट में कुल 24 मैच खेले जाएंगे। टूर्नामेंट के पहले दिन शुक्रवार को कुल चार मैच खेले जाएंगे। मेजबान भारत को पूल-ए में जापान, चीन और कजाखस्तान के साथ रखा गया है। भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत शुक्रवार को चीन के खिलाफ करेगा। उसके बाद 31 अगस्त को जापान से और फिर 1 सितंबर को कज़ाखस्तान के खिलाफ अपना अंतिम पूल मैच खेलेगी। पूल-ए में भारत-चीन के अलावा, जापान और कजाखस्तान भी आपस में पहले ही दिन भिड़ेंगे। पूल-बी में मलयेशिया, कोरिया, बांग्लादेश और चीनी ताइपे की टीमें शामिल हैं। उद्घाटन मैच मलयेशिया और बांग्लादेश के बीच खेला जाएगा। पहले दिन का दूसरा मैच दक्षिण कोरिया और चीनी ताइपे के बीच खेला जाएगा।
इसको भी पढ़ें: बिहार कैबिनेट के युवाओं, शिक्षकों और पर्यटकों के लिए ऐतिहासिक फैसले
ट्रॉफी गौरव यात्रा भी निकाली गई
हॉकी के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से बिहार के विभिन्न जिलों और देश के विभिन्न राज्यों में ट्रॉफी गौरव यात्रा भी निकाली गई है। यह यात्रा 29 अगस्त को राजगीर पहुंचकर समाप्त होगी। बिहार के लिए पुरुष हॉकी एशिया कप की मेजबानी गर्व की बात है। शंकरण ने बताया कि यह मेजबानी न केवल राज्य में अंतरराष्ट्रीय खेलों की मेजबानी करने की क्षमता को प्रदर्शित करेगा, बल्कि पर्यटन, कला और संस्कृति के क्षेत्र में बिहार की वैश्विक छवि को भी मजबूत करेगा।



