नई दिल्ली। चांदी की कीमतों में जबरदस्त तेजी देखने को मिल रही है। गुरुवार को लगातार दूसरे दिन चांदी ने ऑल टाइम हाई का नया रिकॉर्ड बना दिया। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, 1 किलो चांदी की कीमत 1,609 रुपये बढ़कर 2,01,250 रुपये प्रति किलो पहुंच गई। इससे पहले 17 दिसंबर को चांदी 1,99,641 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी।
2 लाख प्रति किलो का पार किया था आंकड़ा
बुधवार को चांदी पहली बार 2 लाख रुपये प्रति किलो के स्तर को पार कर गई थी। उस दिन यह 2,00,750 रुपये प्रति किलो पर खुली थी। मौजूदा वर्ष में अब तक चांदी की कीमतों में कुल 1,15,233 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी दर्ज की जा चुकी है।
तेजी के प्रमुख कारण
विशेषज्ञों के मुताबिक चांदी की कीमतों में तेजी के पीछे कई अहम कारण हैं। सोलर एनर्जी, इलेक्ट्रॉनिक्स और इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) सेक्टर में बढ़ती औद्योगिक मांग से चांदी की खपत तेजी से बढ़ी है। इसके अलावा अमेरिका में संभावित टैरिफ नीति को लेकर आशंकाओं के चलते कंपनियां बड़े पैमाने पर चांदी का स्टॉक जमा कर रही हैं, जिससे वैश्विक सप्लाई पर दबाव बना है।
सोने में भी हल्की तेजी
चांदी के साथ-साथ सोने की कीमतों में भी बढ़त दर्ज की गई। 24 कैरेट शुद्धता वाला सोना 137 रुपये बढ़कर 1,32,454 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। इससे पहले 17 दिसंबर को सोना 1,32,317 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। हालांकि, सोने ने 15 दिसंबर को 1,33,442 रुपये प्रति 10 ग्राम का अपना ऑल टाइम हाई बनाया था।



