पटना। बिहार भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने गुरुवार को राजधानी पटना स्थित प्रदेश कार्यालय में औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण कर लिया। दरभंगा सदर से छह बार के विधायक संजय सरावगी अपने विधानसभा क्षेत्र दरभंगा से सड़क मार्ग के जरिए पटना पहुंचे, जहाँ कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।
जायसवाल ने सौंपी कुर्सी
भाजपा प्रदेश कार्यालय में निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने उन्हें कुर्सी सौंपकर जिम्मेदारी हस्तांतरित की। इस मौके पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार, विधान परिषद के सभापति समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
सरावगी का रोड शो
प्रदेश कार्यालय पहुंचने से पहले संजय सरावगी ने बेली रोड स्थित अंबेडकर प्रतिमा से भाजपा कार्यालय तक रोड शो किया। रोड शो के दौरान महिलाओं ने शंखनाद कर और फूलों की वर्षा कर उनका स्वागत किया। स्वागत में हाथी, ऊंट, घोड़े और बैंड-बाजे की भी व्यवस्था की गई थी। प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत में करीब आठ हजार से अधिक कार्यकर्ता झंडे लेकर पटना की सड़कों पर नजर आए।
पदभार ग्रहण के बाद क्या बोले सरावगी
पदभार ग्रहण करने के बाद संजय सरावगी ने कहा कि वे संगठन की जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी और निष्ठा से निभाएंगे। उन्होंने कहा कि उनकी कोशिश होगी कि कार्यकर्ताओं की आवाज संगठन और सरकार तक पहुंचे और पार्टी को बूथ स्तर तक और मजबूत किया जाए।
2005 में जीता पहला चुनाव
गौरतलब है कि पिछले वर्ष नीतीश सरकार के कैबिनेट विस्तार में संजय सरावगी को पहली बार मंत्री बनाया गया था। अब वे दिलीप जायसवाल की जगह बिहार भाजपा की कमान संभाल रहे हैं। वर्ष 2005 में पहली बार दरभंगा सदर से विधायक चुने गए संजय सरावगी इसके बाद 2005 (उपचुनाव), 2010, 2015, 2020 और 2025 में लगातार जीत दर्ज कर चुके हैं।
ये भी पढ़ें-BPSC 70वीं संयुक्त मुख्य परीक्षा का परिणाम घोषित
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद शुरुआत
28 अगस्त 1969 को दरभंगा में जन्मे संजय सरावगी के पिता परमेश्वर लाल सरावगी और माता राधा देवी हैं। उनकी पत्नी शोभा सरावगी हैं और उनके दो पुत्र हैं। उन्होंने एम.कॉम और बीए की पढ़ाई की है। छात्र जीवन से ही राजनीति में सक्रिय संजय सरावगी ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की थी। इसके अलावा वे दरभंगा नगर निगम में वार्ड पार्षद का चुनाव भी लड़ चुके हैं।
पटना से रत्नेश पांडेय की रिपोर्ट



