नई दिल्ली: ISI, इकोमार्क और हालमार्क के लिए जानी जाने वाली संस्था भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) को नया महानिदेशक मिल गया है। केरल कैडर के 1994 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी संजय गर्ग ने आज 3 नवंबर को भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) के महानिदेशक का पदभार संभाल लिया है।
किसान सारथी पोर्टल में भी दिया है योगदान
संजय गर्ग तीन दशक से प्रशासनिक सेवा में है। उन्होंने कृषि, खाद्य रसद, रक्षा उद्योग, औद्योगिक संवर्धन, वित्त और नीति निर्माण जैसे विविध क्षेत्रों में कार्य किया है। रणनीतिक योजना और नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन में उन्हें विशेषज्ञता प्राप्त है।BIS में नियुक्ति से पहले श्री गर्ग कृषि, अनुसंधान और शिक्षा विभाग (डेयर) में अतिरिक्त सचिव तथा भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) में सचिव के पद पर कार्यरत थे। इस दौरान उन्होंने अनुसंधान प्रबंधन और प्रशासन में आईटी के उपयोग के माध्यम से डिजिटल परिवर्तन को बढ़ावा दिया। साथ ही, किसानों को कृषि वैज्ञानिकों से सीधे जोड़ने वाले ‘किसान सारथी’ पोर्टल के विस्तार में भी उनकी प्रमुख भूमिका रही।
IEC में भी होंगे कार्यरत
बीआईएस के महानिदेशक के रूप में अब वे आईईसी (अंतर्राष्ट्रीय वैद्युत तकनीकी आयोग) में भारत की राष्ट्रीय समिति के अध्यक्ष के रूप में भी कार्य करेंगे।
इसको भी पढ़ें: नौसेना की आंख-कान बनेगा GSAT-7R उपग्रह
क्या है BIS..?
BIS भारत का कानूनी राष्ट्रीय मानक निकाय है, जिसकी स्थापना मानक ब्यूरो अधिनियम 2016 के तहत वस्तुओं के मानकीकरण, अंकन एवं गुणवत्ता प्रमाणन के लिए की गई थी। इसकी स्थापना पहले भारतीय मानक संस्थान (ISI) के रूप में की गई थी जो 6 जनवरी 1947 को अस्तित्व में आया। यह उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के अधीन कार्यरत है।बीआईएस का मुख्यालय नई दिल्ली में है। इसके 5 क्षेत्रीय कार्यालय कोलकाता (पूर्व), चेन्नई (दक्षिण), मुंबई(पश्चिम), चंडीगढ़ (उत्तर) और दिल्ली (मध्य) में स्थित है। यह कई तरह के गुणवत्ता मार्क जारी करता है-
आईएसआई मार्क: यह चिह्न उन उत्पादों के लिए है जो भारतीय मानकों के अनुरूप हैं, जैसे स्टील, सीमेंट, मशीनरी और कई अन्य सामान।
बीआईएस हॉलमार्क: यह सोने और चांदी जैसी कीमती धातुओं की शुद्धता और मिलिग्राम की शुद्धता को प्रमाणित करता है।
CRS चिह्न (अनिवार्य पंजीकरण योजना): यह चिह्न उन इलेक्ट्रॉनिक और आईटी उत्पादों के लिए है जिनके लिए सरकार ने पंजीकरण अनिवार्य किया है।
इकोमार्क: यह पर्यावरण के अनुकूल उत्पादों के लिए एक स्वैच्छिक चिह्न है जो सुनिश्चित करता है कि उत्पाद पर्यावरण पर कम से कम प्रभाव डालते हैं।
आईएस/आईएसओ प्रमाणन: यह उन कंपनियों के लिए है जो विभिन्न आईएसओ मानकों, जैसे कि गुणवत्ता प्रबंधन (आईएसओ 9001) और पर्यावरण प्रबंधन (आईएसओ 14001) का पालन करती हैं।



