हैदराबाद: हैदराबाद में आयोजित मुक्ति दिवस समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया कि भारत शांति की राह पर चलता है, लेकिन जरूरत पड़ने पर दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब देने से पीछे नहीं हटता। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर, सर्जिकल स्ट्राइक और बालाकोट एयर स्ट्राइक इस बात के प्रमाण हैं कि नया भारत संवाद में विश्वास रखता है, लेकिन आक्रमण का जवाब देने की पूरी ताकत भी रखता है।
Attended Hyderabad Liberation Day celebrations in Hyderabad (Telangana).
— Rajnath Singh (@rajnathsingh) September 17, 2025
Operation Polo and the unification of Hyderabad with India is a glorious chapter of our History. It was Sardar Patel’s vision and decisive action that led to Hyderabad’s liberation from the clutches… pic.twitter.com/2Fq2lQCMiL
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हाल के वर्षों के बड़े सैन्य अभियानों का ज़िक्र करते हुए कहा, ‘ऑपरेशन सिंदूर, 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक और 2019 के बालाकोट एयर स्ट्राइक इस बात के प्रमाण हैं कि भारत का धैर्य उसकी ताकत है, कमज़ोरी नहीं।’ उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत ने हमेशा तीसरे पक्ष के दखल को ठुकराया है और अपनी आंतरिक सुरक्षा को लेकर किसी भी बाहरी दबाव को स्वीकार नहीं करता।
हमारी सेनाओं ने ऑपरेशन सिन्दूर से दुश्मन को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया। आज का भारत किसी से डिक्टेशन नहीं लेता। pic.twitter.com/hGuwTLXusk
— Rajnath Singh (@rajnathsingh) September 17, 2025
सरदार पटेल और पीएम मोदी की तुलना
राजनाथ सिंह ने सरदार वल्लभभाई पटेल को याद करते हुए कहा कि उन्होंने लौह पुरुष बनकर उत्तर और दक्षिण भारत को एक किया। उन्होंने यह भी जोड़ा कि 17 सितंबर को हैदराबाद मुक्ति दिवस और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन एक साथ पड़ना, एक तरह से देश की एकता और शक्ति का प्रतीक है। उन्होंने कहा, ‘जिस तरह पटेल ने भारत को राजनीतिक रूप से जोड़ा, उसी तरह मोदी जी भारत को सांस्कृतिक, सामाजिक और आर्थिक रूप से मज़बूत बना रहे हैं।’
ऑपरेशन पोलो और ऑपरेशन सिंदूर का संदेश
रक्षा मंत्री ने 1948 के ऑपरेशन पोलो को भारत की एकता की मिसाल बताया और कहा कि उस समय रजाकारों की साजिश को जिस तरह नाकाम किया गया, उसी तरह आज पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद को भी करारा जवाब दिया जा रहा है। उन्होंने दोहराया कि ‘ऑपरेशन सिंदूर अभी स्थगित है, लेकिन अगर सीमा पार से आतंकवाद जारी रहा तो इसे फिर से शुरू करने में भारत संकोच नहीं करेगा।’
ये भी पढ़ें- बॉलीवुड सितारों ने मनाया पीएम मोदी का 75वां जन्मदिन
भारत की मजबूत होती पहचान
राजनाथ सिंह ने देश की बदलती तस्वीर की ओर इशारा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत अब दूसरों के आदेश पर नहीं चलता बल्कि अपनी पटकथा खुद लिखता है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने केंद्रीय संचार ब्यूरो, हैदराबाद की फोटो प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, जी. किशन रेड्डी और बंदी संजय कुमार समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।



