नई दिल्ली। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा के टर्मिनल-1 पर शुक्रवार को एक ऑफ-ड्यूटी पायलट द्वारा यात्री के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना के बाद पीड़ित यात्री ने सोशल मीडिया पर अपनी आपबीती साझा की और पायलट के कपड़ों तथा अपने चोटिल चेहरे की तस्वीरें भी पोस्ट कीं।
पायलट सस्पेंड
मामले के सार्वजनिक होते ही नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने जांच के आदेश दिए हैं। वहीं एयर इंडिया एक्सप्रेस ने संबंधित पायलट कैप्टन वीरेंद्र सेजवाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने बयान जारी कर कहा कि पायलट उस समय ड्यूटी पर नहीं था और वह एक अन्य फ्लाइट का यात्री था। एयरलाइन ने स्पष्ट किया कि मामले की पूरी जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यात्री ने बनाया प्रेशर बनाने का आरोप
घटना के बाद पीड़ित यात्री अंकित दीवान ने सोशल मीडिया पोस्ट में आरोप लगाया कि उन पर मामला खत्म करने का दबाव बनाया गया और जबरन एक पत्र लिखवाया गया। उनका कहना है कि यदि वे ऐसा नहीं करते तो उन्हें फ्लाइट छोड़नी पड़ती। अंकित दीवान ने यह भी बताया कि घटना के समय उनकी सात वर्षीय बेटी मौजूद थी, जिसने अपने पिता को पिटते हुए और खून से सना चेहरा देखा। इसके बाद से बच्ची सदमे में है। शनिवार को यात्री ने एक और पोस्ट में पायलट का वीडियो साझा करते हुए उम्मीद जताई कि एयरलाइन इस मामले में सख्त कार्रवाई करेगी। मामले की जांच जारी है।



