पटना। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार अब देश की राजधानी में गृह मंत्री अमित शाह और विपक्ष के नेता राहुल गांधी के पड़ोसी बन गए हैं। केंद्र सरकार ने नीतीश कुमार को दिल्ली के अति-सुरक्षित ‘लुटियंस बंगला जोन’ (LBZ) में टाइप-8 कैटेगरी का सरकारी बंगला आवंटित किया है। नीतीश कुमार को सुनहरी बाग रोड स्थित बंगला नंबर-9 अलॉट किया गया है।
वीवीआईपी पड़ोस और सुरक्षा के कड़े इंतजाम
नीतीश कुमार का यह नया आवास रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण स्थान पर है। उनके इस बंगले से महज 150 मीटर की दूरी पर गृह मंत्री अमित शाह का निवास है, जबकि 100 मीटर की दूरी पर राहुल गांधी का आवास स्थित है। इसके साथ ही भाजपा के राष्ट्रीय सचिव नितिन नवीन भी इसी इलाके के बंगला नंबर-8 में रहते हैं। सुरक्षा के लिहाज से यह इलाका ‘हाई-क्लास’ श्रेणी में आता है, जहाँ गेट से लेकर लॉन और कमरों तक 24 घंटे सीसीटीवी कैमरों की निगरानी रहेगी।
3 एकड़ में फैला बंगला
टाइप-8 कैटेगरी के इस बंगले की अपनी कई खासियतें हैं। लगभग 3 एकड़ के विशाल क्षेत्र में फैले इस बंगले में 5 बेडरूम, एक लिविंग रूम, बड़ा डाइनिंग एरिया, स्टडी रूम और गैरेज की सुविधा उपलब्ध है। इसके अलावा, बंगले में एक बड़ा लॉन है, जो वीवीआईपी गतिविधियों के लिए उपयुक्त है। हालांकि पटना स्थित 6 एकड़ में फैले मुख्यमंत्री आवास (1 अणे मार्ग) के मुकाबले दिल्ली का यह बंगला आकार में आधा है लेकिन सुविधाओं और रुतबे के मामले में यह शीर्ष श्रेणी का है।
किसे और कैसे मिलता है टाइप-8 बंगला?
लुटियंस दिल्ली में कुल 3 हजार से अधिक सरकारी आवासों में से टाइप-8 बंगले 100 से भी कम हैं। ये बंगले आमतौर पर कैबिनेट मंत्रियों, सुप्रीम कोर्ट के जजों, पूर्व राष्ट्रपतियों और उपराष्ट्रपतियों को अलॉट किए जाते हैं। इनका आवंटन ‘आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय’ के 1963 के नियमों के तहत होता है। लोकसभा और राज्यसभा की हाउसिंग कमेटी सांसदों की वरिष्ठता, उनके पद और बंगलों की उपलब्धता के आधार पर यह फैसला लेती है। पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू भी त्यागराज मार्ग स्थित टाइप-8 बंगले में ही निवास करते हैं।
क्या है लुटियंस बंगला जोन?
राजधानी का 23.60 वर्ग किमी में फैला यह इलाका देश का सबसे पॉश और हाई-प्रोफाइल जोन माना जाता है। यहां राष्ट्रपति भवन, प्रधानमंत्री आवास और सेंट्रल विस्टा जैसी हेरिटेज इमारतें स्थित हैं। इस जोन में करीब 600 प्राइवेट बंगले भी हैं, जहां देश की सबसे अमीर और प्रभावशाली हस्तियां रहती हैं।



