ए.आर. रहमान के ‘सांप्रदायिकता’ वाले बयान पर छिड़ी रार: महबूबा मुफ्ती ने किया समर्थन

दिग्गज संगीतकार ए.आर. रहमान के एक हालिया इंटरव्यू ने देश के राजनीतिक और फिल्मी गलियारों में नई बहस छेड़ दी है

Share This Article:

नई दिल्ली। दिग्गज संगीतकार ए.आर. रहमान के एक हालिया इंटरव्यू ने देश के राजनीतिक और फिल्मी गलियारों में नई बहस छेड़ दी है। रहमान ने संकेत दिया था कि पिछले कुछ वर्षों में उन्हें कम काम मिलना ‘सांप्रदायिक’ कारणों से हो सकता है। इस बयान पर अब जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती और गीतकार जावेद अख्तर के बीच वैचारिक टकराव सामने आया है।

महबूबा मुफ्ती का जावेद अख्तर पर पलटवार

महबूबा मुफ्ती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर जावेद अख्तर की उस टिप्पणी की आलोचना की, जिसमें उन्होंने रहमान की चिंताओं को खारिज किया था। महबूबा ने लिखा:

“जब जावेद अख्तर बॉलीवुड के बढ़ते सांप्रदायीकरण पर ए.आर. रहमान की चिंताओं को खारिज करते हैं, तो वे भारतीय मुसलमानों की साझा हकीकत का खंडन करते हैं। खुद उनकी पत्नी शबाना आजमी ने मुंबई जैसे शहर में मुस्लिम होने के कारण घर न मिलने की बात कही थी। इसे नजरअंदाज करने से आज के भारत का सच नहीं बदल जाता।”

जावेद अख्तर ने क्या कहा था?

इससे पहले जावेद अख्तर ने रहमान के डर को गलत बताते हुए कहा था कि लोग उनके कद और सम्मान के कारण उनके पास जाने से डरते हैं। उन्होंने कहा, “रहमान एक महान संगीतकार हैं। लोग उनके पास जाने से इसलिए हिचकिचाते हैं क्योंकि वे बहुत बड़े कलाकार हैं। उन्हें लगता है कि ‘हमारे बस का नहीं है, ये तो बहुत बड़ा आदमी है’। रहमान की बात एक गलत धारणा है।”

ए.आर. रहमान का ‘सांप्रदायिकता’ वाला दावा

बीबीसी एशियन नेटवर्क को दिए इंटरव्यू में रहमान ने कहा था कि हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में सत्ता का केंद्र बदला है। उन्होंने कहा, “गैर-रचनात्मक लोगों के पास अब निर्णय लेने की शक्ति है। यह एक सांप्रदायिक चीज भी हो सकती है, लेकिन मेरे सामने नहीं। मुझे कानाफूसी के जरिए पता चलता है कि किसी फिल्म के लिए मुझे बुक किया गया था, लेकिन म्यूजिक कंपनी ने आगे बढ़कर पांच अन्य संगीतकारों को रख लिया।”

कंगना रनौत का तीखा हमला

अभिनेत्री और राजनेता कंगना रनौत ने रहमान के बयान पर कड़ी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा कि रहमान ने उनकी फिल्म ‘इमरजेंसी’ के लिए उनसे मिलने तक से मना कर दिया था क्योंकि उन्हें लगा कि वह एक ‘प्रोपेगेंडा फिल्म’ है। कंगना ने उन्हें “पूर्वाग्रह से ग्रसित और नफरत करने वाला व्यक्ति” करार दिया।

विवाद के बीच रहमान की सफाई

विवाद को बढ़ता देख रविवार को ए.आर. रहमान ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो संदेश साझा किया। इसमें उन्होंने ‘माँ तुझे सलाम/वंदे मातरम’ गाने के साथ अपनी देशभक्ति दोहराई। उन्होंने कहा, “भारत मेरी प्रेरणा और मेरा घर है। कभी-कभी इरादों को गलत समझ लिया जाता है, लेकिन मेरा उद्देश्य हमेशा संगीत के माध्यम से सेवा करना रहा है। मेरा इरादा किसी को दुख पहुँचाने का नहीं था।”


DISHA ROJHE

disharojhe007@gmail.com

I am a detail-oriented Content Writer with professional experience in digital and broadcast news media. I have worked with reputed platforms including News18, Live India, and 8PM News, where I contributed as a content writer, crafting engaging, informative, and audience-focused content.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

न्यूज़लेटर के लिए सब्सक्राइब करें

कैटेगरीज़

हम वह खबरची हैं, जो खबरों के साथ खबरों की भी खबर रखते हैं। हम NewG हैं, जहां खबर बिना शोरगुल के है। यहां news, without noise लिखी-कही जाती है। विचार हममें भरपूर है, लेकिन विचारधारा से कोई खास इत्तेफाक नहीं। बात हम वही करते हैं, जो सही है। जो सत्य से परामुख है, वह हमें स्वीकार नहीं। यही हमारा अनुशासन है, साधन और साध्य भी। अंगद पांव इसी पर जमा रखे हैं। डिगना एकदम भी गवारा नहीं। ब्रीफ में यही हमारा about us है।

©2025 NewG India. All rights reserved.