Navratri 2025: देश में शारदीय नवरात्रि की धूम है। अलग-अलग राज्यों में वहां के तौर-तरीकों से मां दुर्गा के 9 स्वरूपों की पूजा की जाती है। इस दौरान जगह-जगह मेले लगे हुए हैं। बड़े-बड़े पंडाल में रामलीला और डांडिया नाईट का आयोजन भव्य तरीके से किया जा रहा। दुर्गा पूजा में भक्त व्रत रखकर देवी की आराधना करते हैं। अष्टमी के दिन कन्या पूजन करके व्रत खोला जाता है। कन्या पूजन में हलवा, खीर, आलू, पूरी और छोले परोसा जाता है।
तरी वाले आलू की सब्जी देखकर, भंडारे की सब्जी की याद आ जाती है। आप चाहे तो इसे आसानी से घर पर बना सकते हैं। इसे बनाने के लिए कुछ मसाले की जरूरत होगी, फिर भंडारे वाले आलू की सब्जी का स्वाद आएगा। चलिए बताते हैं आपको इसके लिए किन-किन सामग्री की जरूरत होगी और कैसे बनाएंगे-
चाहिए ये सामग्री
इसे बनाने के लिए आपको 3- 4 उबले आलू, 1 बड़ा चम्मच तेल, 1 छोटा चम्मच साबुत धनिया, 1 छोटा चम्मच जीरा, ½ छोटा चम्मच सौंफ, ½ छोटा चम्मच हींग, ½ छोटा चम्मच काली मिर्च, 1 छोटा चम्मच अदरक और हरी मिर्च का पेस्ट, 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, 1 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर, स्वादानुसार नमक, 2 बड़े टमाटर, 1 छोटा चम्मच अमचूर, ½ छोटा चम्मच गरम मसाला, 1 छोटा चम्मच कसूरी मेथी, 2 कप पानी और ताजा हरा धनिया चाहिए।
कैसे बनाएं रेसिपी
सबसे पहले धनिया, जीरा और सौंफ को हल्का सा पीस लें। एक कड़ाही में धीमी आंच पर तेल गरम करें। जीरा, हींग और काली मिर्च डालें। 1-2 मिनट बाद, पिसे हुए मसालों के साथ अदरक और हरी मिर्च का पेस्ट डालें। एक मिनट तक भूनें। टमाटर को पीसकर पेस्ट बना लें। फिर, हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, नमक और टमाटर का पेस्ट डालें। तेल अलग होने तक इसको पकाएं। मसले हुए आलू, पानी, अमचूर, गरम मसाला और कसूरी मेथी डालें। धीमी आंच पर 10 मिनट तक पकाएं। ऊपर से कटा हुआ ताज़ा हरा धनिया छिड़कें। भंडारा आलू तैयार है। अब गरमागरम पूरी के साथ इसका आनंद लें।



