नई दिल्ली | झारखंड के जमशेदपुर की गलियों से निकला ‘किरिश’ (Krrish) का खुमार अब भारतीय सेना के जवानों के सिर चढ़कर बोल रहा है। पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर ‘पिंटू’ उर्फ ‘धूम’ का “किरिश का गाना सुनेगा?” वाला वीडियो खूब वायरल हो रहा है। लेकिन अब जो वीडियो सामने आया है, उसने इंटरनेट पर तहलका मचा दिया है। इस वीडियो में भारतीय सेना के जवान गणतंत्र दिवस (Republic Day) की परेड रिहर्सल के दौरान उसी वायरल अंदाज में वार्म-अप करते नजर आ रहे हैं।
कमांडर ने पूछा- ‘किरिश का गाना सुनेगा?’
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ और इंस्टाग्राम पर तेजी से वायरल हो रहे इस वीडियो में देखा जा सकता है कि रिपब्लिक डे परेड की कड़ी मेहनत और प्रैक्टिस के बाद जवान थोड़े थके हुए नजर आ रहे थे। तभी माहौल को हल्का करने और जवानों का जोश बढ़ाने के लिए उनके कमांडर ने पूछा— “किरिश का गाना सुनेगा? किरिश का?”
इसके बाद जो हुआ, उसने सबका दिल जीत लिया। जवानों ने पूरे जोश के साथ ऋतिक रोशन की फिल्म ‘कृष’ का गाना “दिल ना दिया, तो क्या किया” गाना शुरू कर दिया। जवानों का यह ‘ले बेटा’ वाला अंदाज और उनकी ऊर्जा देखकर हर कोई उनका कायल हो गया है।
गणतंत्र दिवस समारोह का रिहर्सल था, जवान प्रैक्टिस कर थक गए थे
— Rajiv Ranjan kushwaha (@rrkforyou) January 20, 2026
फिर कमांडर ने कहा कि
"किरिश का गाना सुनेगा?
किरिश का ?"
उसके बाद आप खुद देखिए 😊 pic.twitter.com/Ksce0bUamd
सोशल मीडिया पर यूजर्स की प्रतिक्रिया
सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लाखों व्यूज मिल चुके हैं। एक यूजर ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “गणतंत्र दिवस समारोह की रिहर्सल थी, जवान प्रैक्टिस कर थक गए थे। फिर कमांडर ने कहा कि ‘किरिश का गाना सुनेगा?’ उसके बाद का जोश देखिए!” वहीं दूसरे यूजर ने लिखा, “ये महज एक वीडियो नहीं, बल्कि हमारे जवानों का हाई मोराल (High Morale) है।”
जमशेदपुर के ‘धूम’ ने शुरू किया था ये ट्रेंड
आपको बता दें कि यह पूरा ट्रेंड झारखंड के जमशेदपुर के रहने वाले पिंटू (धूम) की वजह से शुरू हुआ था। पिंटू एक साधारण लड़का है जो कचरा बीनने का काम करता था, लेकिन उसके गाना गाने के अनोखे अंदाज ने उसे रातों-रात स्टार बना दिया। आज उसी के अंदाज को देश के वीर जवान भी कॉपी कर रहे हैं, जो यह दिखाता है कि सोशल मीडिया की पहुंच और इसका प्रभाव कितना गहरा है।



