‘दलदल’ का ट्रेलर जारी, सीरीज में भू‍मि पेडनेकर खुद अंधेरे से लड़ती दिखीं

ओटीटी मंच प्राइम वीडियो पर आने वाली अपराध आधारित श्रृंखला ‘दलदल’ का ट्रेलर जारी कर दिया गया है

Share This Article:

नयी दिल्ली: ओटीटी मंच प्राइम वीडियो पर आने वाली अपराध आधारित श्रृंखला ‘दलदल’ का ट्रेलर जारी कर दिया गया है। टीज़र से ही चर्चा में बनी इस श्रृंखला का ट्रेलर रहस्य, डर और मनोवैज्ञानिक तनाव को और गहराई देता नजर आता है। ट्रेलर सामने आते ही दर्शकों ने हत्यारे की पहचान को लेकर कयास लगाने शुरू कर दिए हैं।

ट्रेलर में अभिनेत्री भूमि पेडनेकर मुंबई की पुलिस उपायुक्त रीता फरेरा की भूमिका में दिखाई दे रही हैं, जो एक निर्दयी धारावाहिक हत्यारे का पीछा करते हुए अपने अतीत और भीतर छिपे डर से भी संघर्ष करती हैं। जांच के दौरान उनका सामना एक जिद्दी पत्रकार से भी होता है, जिसकी भूमिका समारा तिजोरी निभा रही हैं। ट्रेलर के साथ जारी पंक्ति— “अतीत डराने नहीं, शिकार करने आया है”—कहानी की गंभीरता को और गहरा करती है।

भूमि के अभिनय को लेकर प्रशंसकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। उनकी बहन समीक्षा ने ट्रेलर पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, “यह वाकई कमाल का है।” वहीं कई दर्शकों ने ट्रेलर को रोंगटे खड़े कर देने वाला बताया। कुछ ने इसे अमेरिकी श्रृंखला जैसी अनुभूति देने वाला कहा, तो कुछ ने भूमि के अब तक के सबसे दमदार किरदारों में से एक करार दिया।

‘दलदल’ लेखक विष धमीजा की लोकप्रिय पुस्तक ‘भेंडी बाजार’ पर आधारित है। इसका निर्देशन अमृत राज गुप्ता ने किया है, जबकि निर्माण विक्रम मल्होत्रा और सुरेश त्रिवेदी ने किया है। यह श्रृंखला अबंडैंशिया एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी है। कहानी लेखन श्रीकांत अग्नेश्वरन, रोहन डिसूज़ा और प्रिया सागी का है, जबकि संवाद सुरेश त्रिवेदी और हुसैन हैदरी ने लिखे हैं।

भूमि पेडनेकर के साथ इस श्रृंखला में समारा तिजोरी और आदित्य रावल प्रमुख भूमिकाओं में हैं। इनके अलावा गीता अग्रवाल, चिन्मय मांडलेकर, अनंत नारायण महादेवन, राहुल भट्ट, संदीप कुलकर्णी, शिवराज वालवेकर, संदेश कुलकर्णी और जया भट्टाचार्य भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

अपने किरदार को लेकर भूमि पेडनेकर ने कहा, “रीता फरेरा की भूमिका मेरे करियर के सबसे चुनौतीपूर्ण और संतोषजनक अनुभवों में से एक रही है। यह एक ऐसी महिला है जो महत्वाकांक्षा से बनी है, संदेह से घिरी है और अपने अतीत का बोझ उठाए हुए है।”

उन्होंने आगे कहा कि फिल्म ‘टॉयलेट: एक प्रेम कथा’ के बाद विक्रम मल्होत्रा के साथ दोबारा काम करना उनके लिए घर लौटने जैसा अनुभव रहा।

अपराध, मनोवैज्ञानिक भय और लगातार बढ़ते सस्पेंस से भरपूर ‘दलदल’ में शिकारी और शिकार के बीच एक खतरनाक खेल दिखाया जाएगा, जहां यह तय करना मुश्किल होगा कि असली शिकारी कौन है।

यह श्रृंखला 30 जनवरी 2026 से प्राइम वीडियो पर भारत सहित दुनिया के 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में प्रदर्शित की जाएगी।

Samiksha Mishra

samiksha.mishra1222@gmail.com

मैं कॉपीराइटर हूँ, जिसे कंटेंट के ज़रिए कहानियाँ गढ़ने और ब्रांड्स की आवाज को मजबूती देने का तीन वर्षों का पेशेवर अनुभव है। शब्दों की सटीकता, रचनात्मकता और पाठकों से जुड़ाव, यही मेरी लेखनी की पहचान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

न्यूज़लेटर के लिए सब्सक्राइब करें

कैटेगरीज़

हम वह खबरची हैं, जो खबरों के साथ खबरों की भी खबर रखते हैं। हम NewG हैं, जहां खबर बिना शोरगुल के है। यहां news, without noise लिखी-कही जाती है। विचार हममें भरपूर है, लेकिन विचारधारा से कोई खास इत्तेफाक नहीं। बात हम वही करते हैं, जो सही है। जो सत्य से परामुख है, वह हमें स्वीकार नहीं। यही हमारा अनुशासन है, साधन और साध्य भी। अंगद पांव इसी पर जमा रखे हैं। डिगना एकदम भी गवारा नहीं। ब्रीफ में यही हमारा about us है।

©2025 NewG India. All rights reserved.