नई दिल्ली: देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो इन दिनों गहरे संकट में फंसी है, और इसका सीधा असर लाखों हवाई यात्रियों पर पड़ रहा है। पिछले चार दिनों में 1,700 से अधिक उड़ानें रद्द होने से एयरपोर्ट्स पर अफरा-तफरी का माहौल है। दूर-दराज से यात्रा करने वाले यात्री अपनी निर्धारित उड़ानें पकड़ने में असमर्थ हैं और एयरपोर्ट्स पर भारी भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है। हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि कई एयरपोर्ट किसी रेलवे स्टेशन जैसे नजर आ रहे हैं।
Message from Pieter Elbers, CEO, IndiGo. pic.twitter.com/bXFdqoB0Q2
— IndiGo (@IndiGo6E) December 5, 2025
यात्री घंटों तक इंतजार करते-करते थकान से चूर होकर एयरपोर्ट की फर्श पर सोने को मजबूर हैं। एयरलाइन की ओर से न उनके ठहरने का इंतजाम किया जा रहा है और न ही भोजन-पानी की कोई व्यवस्था है। लोगों का कहना है कि इंडिगो का पूरा हवाई संचालन सिस्टम जैसे चरमरा गया है। एयरपोर्ट्स पर जहां भी नजर जा रही है, वहां सूटकेस और बैग्स के ढेर नजर आ रहे हैं और यात्री असहाय हालात में किसी मदद की उम्मीद लगाए बैठे हैं। बीते दिन इंडिगो ने यात्रियों से माफी मांगी थी, लेकिन हालात में अभी तक कोई बड़ा सुधार नहीं हो पाया है और आज भी सैकड़ों फ्लाइट्स के रद्द होने की संभावनाएं हैं।
हैदराबाद एयरपोर्ट से 69 फ्लाइट्स रद्द
6 दिसंबर 2025 को हैदराबाद के GMR एयरपोर्ट से इंडिगो की कुल 69 फ्लाइट्स रद्द कर दी गईं। इनमें 26 आगमन (Arrivals) और 43 प्रस्थान (Departures) उड़ानें शामिल हैं। उड़ानों की इतनी बड़ी संख्या में कैंसिलेशन ने दक्षिण भारत के यात्रियों की परेशानी और बढ़ा दी है।
मुंबई में 109 इंडिगो उड़ानें रद्द
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई भी इस संकट से बुरी तरह प्रभावित है। 6 दिसंबर 2025 को सुबह 9 बजे तक मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (MIAL) पर कुल 109 इंडिगो फ्लाइट्स रद्द हुईं। इनमें 51 आगमन और 58 प्रस्थान वाली उड़ानें शामिल हैं। इससे मुंबई एयरपोर्ट पर देर रात से ही भारी अव्यवस्था की स्थिति बनी हुई है।
दिल्ली एयरपोर्ट से 106 उड़ानें रद्द
राजधानी के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भी इंडिगो की उड़ानें बड़े पैमाने पर रद्द हो रही हैं। आज कुल 106 उड़ानें—54 डिपार्चर और 52 अराइवल—रद्द की गईं। यात्रियों की लंबी कतारें, भीड़ और अव्यवस्था की वजह से IGI पर हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं।
इंडिगो का बयान: धीरे-धीरे सामान्य हो रहे ऑपरेशन, लेकिन कैंसिलेशन जारी
संकट के पांचवें दिन इंडिगो की ओर से बयान आया है कि वह चरणबद्ध तरीके से उड़ान संचालन सामान्य करने की कोशिश कर रही है। हालांकि, एयरलाइन ने साफ कहा कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में आने में अभी समय लग सकता है। इसलिए आज भी देशभर में कई उड़ानें रद्द की जा रही हैं। यात्रियों का कहना है कि एयरलाइन की तैयारियों में भारी कमी दिख रही है, और उन्हें बिना किसी ठोस जानकारी के घंटों इंतजार कराया जा रहा है।
सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया गया
इंडिगो संकट को लेकर अब कानूनी मोर्चा भी खुल गया है। सुप्रीम कोर्ट के वकील नरेंद्र मिश्रा ने मुख्य न्यायाधीश (CJI) को पत्र लिखकर इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। पिटीशन में कहा गया है कि बीते दिनों में 1,000 से ज्यादा उड़ानें रद्द होने और गंभीर देरी के कारण लाखों लोग देशभर के एयरपोर्ट्स पर फंस गए हैं, जिससे एक मानवीय संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट से इस मामले में स्वतः संज्ञान लेने की मांग की है ताकि यात्रियों को राहत मिल सके।



