नई दिल्ली। देश की सबसे बड़ी निजी एयरलाइन इंडिगो स्टाफ की भारी कमी के कारण गंभीर परिचालन संकट से जूझ रही है। स्थिति इतनी बिगड़ चुकी है कि शुक्रवार को देशभर में 400 से अधिक उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। अकेले दिल्ली एयरपोर्ट पर इंडिगो की सभी 235 फ्लाइट्स पूरे दिन (रात 11:59 तक) रद्द रखी गईं, जिससे हजारों यात्रियों की यात्रा योजनाएं बुरी तरह प्रभावित हुईं। यह संकट ऐसे समय में सामने आया है जब एयरलाइन इससे पहले भी 500 से ज्यादा उड़ानें रद्द कर चुकी है।
इंडिगो ने यात्रियों से माफी मांगी
एयरलाइन ने एक बयान जारी करते हुए स्वीकार किया कि पिछले दो दिनों में उसका नेटवर्क काफी बाधित रहा है। कंपनी ने यात्रियों से माफी मांगते हुए कहा कि 8 दिसंबर से देरी कम होने लगेगी, जबकि 10 फरवरी तक ऑपरेशन्स पूरी तरह सामान्य होने की उम्मीद है। इंडिगो ने यह भी माना कि FDTL (Flight Duty Time Limitations) के दूसरे फेज़ को लागू करने में गलत फैसले और कमजोर प्लानिंग के कारण बड़े पैमाने पर देरी और रद्दीकरण हुआ।
स्थिति को सामान्य करने की कोशिश जारी
दिल्ली एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि इंडिगो की सभी फ्लाइट्स को रद्द करने का निर्णय यात्रियों की सुरक्षा और ऑपरेशनल सुरक्षा को देखते हुए लिया गया। एयरपोर्ट की ग्राउंड टीम लगातार एयरलाइन और अन्य पार्टनर्स से संपर्क में है ताकि स्थिति को सामान्य किया जा सके। यात्रियों को हुई असुविधा पर एयरपोर्ट की ओर से भी खेद जताया गया।
देश के अन्य एयरपोर्ट्स पर भी परिचालन प्रभावित
देश के अन्य प्रमुख एयरपोर्ट्स पर भी इंडिगो का परिचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। मुंबई एयरपोर्ट पर 5 दिसंबर को कुल 104 उड़ानें (53 डिपार्चर, 51 अराइवल) रद्द हुईं। बेंगलुरु एयरपोर्ट पर 52 अराइवल और 50 डिपार्चर फ्लाइट्स रद्द करनी पड़ीं। हैदराबाद एयरपोर्ट पर 92 उड़ानें प्रभावित हुईं, जबकि पुणे एयरपोर्ट पर रात 12 बजे से सुबह 8 बजे के बीच 32 फ्लाइट्स रद्द की गईं।
थिरुवनंतपुरम एयरपोर्ट पर भी कई उड़ाने रद्द
दक्षिण भारत में भी स्थिति चिंताजनक रही। थिरुवनंतपुरम एयरपोर्ट पर 4 और 5 दिसंबर को कई उड़ानें देरी से पहुंचीं, जबकि कुछ को रद्द भी किया गया। उधर, कोलकाता एयरपोर्ट पर स्थिति सबसे गंभीर रही, जहां 468 से अधिक उड़ानों पर सीधा असर पड़ा। इनमें से 320 उड़ानें लेट रहीं और 92 फ्लाइट्स पूरी तरह रद्द कर दी गईं।
यह भी पढ़ेंः पुतिन ने राजघाट जाकर महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि
दिल्ली एयरपोर्ट ने जारी की एडवाइजरी
उधर, दिल्ली एयरपोर्ट ने सुबह 9:02 बजे एक पैसेंजर एडवाइजरी जारी कर यात्रियों से एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले फ्लाइट स्टेटस चेक करने की अपील की। एडवाइजरी में बताया गया कि इंडिगो को प्रभावित करने वाली ऑपरेशनल दिक्कतों के कारण देशभर में देरी और रद्दीकरण की स्थिति बनी हुई है।
स्टाफ की कमी, कमजोर प्लानिंग और FDTL नॉर्म्स के दबाव ने मिलकर इंडिगो के संचालन को पटरी से उतार दिया है। हालांकि एयरलाइन का दावा है कि स्थिति को जल्द संभाल लिया जाएगा, लेकिन यात्रियों की परेशानी फिलहाल जारी है।



