नई दिल्ली। भारतीय महिला दृष्टिबाधित क्रिकेट टीम ने इतिहास रचते हुए नेपाल को हराकर पहला ब्लाइंड टी20 विश्व कप अपने नाम किया है। टीम की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को दिल्ली में खिलाड़ियों से मुलाकात की और उन्हें इस शानदार जीत के लिए शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री ने सभी खिलाड़ियों के साथ विश्व कप ट्रॉफी के साथ फोटो खिंचवाई। खिलाड़ियों ने पीएम को अपना हस्ताक्षरित बल्ला भेंट किया, जबकि प्रधानमंत्री मोदी ने भी गेंद पर अपना हस्ताक्षर किया। यह क्षण खिलाड़ियों के लिए बेहद गर्व और प्रेरणादायक रहा।
It was a delight to host the Indian Blind Women’s Cricket Team that won the Blind Women’s T20 World Cup! They shared their experiences, which were very inspiring indeed. pic.twitter.com/ar6SuQWHC9
— Narendra Modi (@narendramodi) November 27, 2025
मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने खिलाड़ियों के साथ लंबी बातचीत की और उनसे विश्व कप अभियान के अनुभवों के बारे में जाना। सभी खिलाड़ी पीएम के साथ सहज और उत्साहित दिखीं। प्रधानमंत्री ने एक-एक खिलाड़ी को अपने हाथों से मिठाई खिलाकर उनकी इस यादगार सफलता का जश्न मनाया। यह दृश्य भारतीय खेल इतिहास के उन क्षणों में शामिल हो गया, जब देश के सर्वोच्च नेतृत्व ने खिलाड़ियों की मेहनत और संघर्ष को दिल से सराहा।
फाइनल में नेपाल को 7 विकेट से हराया
भारतीय महिला दृष्टिबाधित टीम ने रविवार को कोलंबो में खेले गए फाइनल में नेपाल को 7 विकेट से हराया। टॉस जीतकर भारत ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। नेपाल की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 114 रन बनाए। भारतीय टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 12.1 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया और पहली बार यह खिताब जीतकर देश का सिर गर्व से ऊँचा कर दिया।
भारत का बढ़ता दबदबा
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इसी महीने 2 नवंबर को दक्षिण अफ्रीका को हराकर पहली बार वनडे विश्व कप जीता था। मात्र 21 दिन के अंतराल में दृष्टिबाधित महिला टीम का विश्व कप हासिल करना इस बात का प्रमाण है कि क्रिकेट के हर प्रारूप में भारत का दबदबा लगातार बढ़ रहा है। यह उपलब्धियां भारतीय महिला खेल जगत के स्वर्णिम अध्याय का हिस्सा बन चुकी हैं।
यह भी पढ़ेंः भारत का अंतरिक्ष क्षेत्र बदल रहा, युवा और जेन जी के लिए नए अवसर: पीएम मोदी
6 टीमों ने खेला टूर्नामेंट
21 नवंबर को भारत में शुरू हुए इस टूर्नामेंट में कुल छह टीमें शामिल थीं, जिसमें भारत, नेपाल, पाकिस्तान, श्रीलंका, ऑस्ट्रेलिया और अमेरिका। भारतीय टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए विश्व कप पर कब्जा जमाया।



