नई दिल्ली। अफ्रीका में इबोला वायरस के बढ़ते प्रकोप के बीच नई दिल्ली में होने वाला भारत-अफ्रीका फोरम शिखर सम्मेलन (IAFS) फिलहाल टाल दिया गया है। यह सम्मेलन 28 से 31 मई 2026 के बीच आयोजित होना था। जानकारी के अनुसार, डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो (DRC) में इबोला संक्रमण तेजी से फैल रहा है, जिसमें अब तक 136 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने इस स्थिति को अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य आपातकाल घोषित किया है।
विचार-विमर्श के बाद सम्मेलन को स्थगित करने का निर्णय
भारत और अफ्रीकी संघ (AU) के बीच विचार-विमर्श के बाद सम्मेलन को स्थगित करने का निर्णय लिया गया। भारतीय विदेश मंत्रालय (MEA) ने कहा है कि नई तारीख अफ्रीकी देशों के साथ चर्चा के बाद तय की जाएगी। भारत-अफ्रीका फोरम शिखर सम्मेलन आखिरी बार वर्ष 2015 में नई दिल्ली में आयोजित हुआ था। इसके बाद अब 11 साल बाद चौथे सम्मेलन की तैयारी चल रही थी, जिसमें कई अफ्रीकी देशों के शीर्ष नेताओं के शामिल होने की संभावना थी।
भारत करेगा सहयोग
भारत ने कहा है कि वह अफ्रीकी संघ और अफ्रीका CDC को हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। अफ्रीका CDC महाद्वीप में संक्रामक बीमारियों की निगरानी और नियंत्रण का प्रमुख संस्थान है। भारत हाल के वर्षों में अफ्रीकी देशों के साथ अपने संबंध लगातार मजबूत कर रहा है। वर्ष 2018 के बाद भारत ने अफ्रीका में 17 नए दूतावास खोले हैं, जिसके बाद वहां भारतीय दूतावासों की कुल संख्या बढ़कर 46 हो गई है।



