नई दिल्ली: नेपाल में पिछले दो दिनों से जारी हिंसक प्रदर्शनों ने भारत-नेपाल के सीमावर्ती जिलों में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई। मंगलवार को आंदोलनकारियों ने जोबनी में भारतीय सीमा से सटे नेपाल के भंसार क्षेत्र को आग के हवाले कर दिया था। इससे पहले मधेशी आंदोलन की आग सीमा तक नहीं आई थी, लेकिन इ बार जेन-जी आंदोलन की की आग सीमा पर पहुंच कर भंसार क्षेत्र के अधिकांश कार्यालय में आग लगा दी थी। नेपाल में जारी उग्र प्रदर्शन को लेकर सीमा पर तैनात एसएसबी काफी सतर्क है। जोगबनी सीमा पर सुरक्षा की दृष्टि भारतीय वाहनों को नेपाल जाने से रोका जा रहा है। खुफिया एजेंसियों को हाई अर्लट कर दिया गया है।
इस बीच केंद्रीय एजेंसियों ने खुफिया जानकारी के आधार पर चेतावनी जारी की है कि उपद्रवी तत्व नेपाल की अशांति का फायदा उठाकर उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल जैसे सीमावर्ती भारतीय राज्यों में हिंसा भड़का सकते हैं। इसके चलते सशस्त्र सीमा बल और स्थानीय पुलिस ने करीब 1751 किलोमीटर लंबी खुल सीमा पर निगरानी और सुरक्षा उपायों को सख्त कर दिया है। ताकि परिंदा भी पर नहीं मार सके।
नेपाल के हालात को लेकर भारत सतर्क
भारत ने इस अशांति के सीमा पार असर को रोकने के लिए तत्काल कदम उठाए हैं। खुफिया एजेंसियों ने आगाह किया है कि असामाजिक तत्व इस अस्थिरता का फायदा उठाकर सीमावर्ती भारतीय राज्यों में हिंसा और सार्वजनिक संपित्त को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर सकते हैं।
एसएसबी और पुलिस की कड़ी चौकी
खुफिया जानकारी के बाद उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और बिहार में सीमा पर कानून व्यवस्था के किसी भी संभावित उल्लंघन को रोकने के लिए सुरक्षा उपायों को और सख्त कर दिया गया है। उत्तराखंड के चंपावत ( जहां सीमा नेपाल के महेंद्र नगर से जुड़ती है) में नेपाल सेना द्वारा कर्फ्यू लगा दिए जाने के बाद सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है।
सीमा चौकियों पर रखी जा रही निगरानी
बिहार के मधुबनी में भी एसएसबी को सीमा चौकियों पर तैनात किया गया हँ। पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने बताया कि नेपाल के अंदरुनी हालात को देखते हुए मधुबनी पुलिस पूरी तरह सतर्क है। सभी सीमा पुलिस स्टेशन हाई अलर्ट पर हैं जहां 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है। योगेंद्र कुमार के अनुसार, सीमा पार करने वाले लोगों की गहन जांच के बाद भी प्रवेश की अनुमति दी जा रही है। पुलिस यह सुनिश्चित कर रही है कि कोई भी असामाजिक तत्व सीमा पार न कर सकें।
इसको भी पढ़ें: हिंसा की आग में तीन दिन से सुलग रहा नेपाल, अब सेना का कंट्रोल
उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती जिलों में सुरक्षा कड़ी
उत्तर प्रदेश के सात सीमावर्ती जिलों पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर और महाराजगंज में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इसके चलते 24 घंटे गश्त और प्रवेश बिंदुओं पर सख्त जांच शामिल है। करीब 73 चेकप्वांइट्स को हाई अलर्ट पर रखा गया है। इस संबंध में सहायक सेनानायक ने बताया कि सीमा जवान हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं। ताकि हमारे नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो। इसके लिए फिलहाल भारतीय वाहनों को नेपाल जाने से रोका जा रहा है। इधर सिकटी में एसएसबी और थाना पुलिस फ्लैग मार्च निकाला। सिकटी थाना पुलिस और एसएसबी के साथ अहम बैठक हुई है।



