दिवाली को शानदार और सरकारी कोष को जानदार बनाने के लिए सरकार ने फास्टैग के वार्षिक पास को गिफ्ट के रूप में देने की सलाह दी है। सरकार का मानना है यात्रा को आसान और आरामदायक बनाने वाला, फास्टैग वार्षिक पास इस त्योहारी सीज़न में यात्रियों के लिए एक बेहतरीन उपहार हो सकता है, जो उन्हें देश भर के राष्ट्रीय राजमार्गों और राष्ट्रीय एक्सप्रेस-वे पर साल भर की परेशानी मुफ़्त यात्रा का अवसर प्रदान करता है।
इस साइट से मिलेगा यह पास
इस पास को राजमार्ग यात्रा ऐप के माध्यम से लिया जा सकता है। एप पर जाकर ‘पास जोड़ें’ विकल्प पर क्लिक करके, उपयोगकर्ता उस व्यक्ति का वाहन नंबर और संपर्क विवरण जोड़ सकते हैं जिसे वे फास्टैग वार्षिक पास उपहार में देना चाहते हैं। एक साधारण ओटीपी सत्यापन के बाद, वार्षिक पास उस वाहन से जुड़े फास्टैग पर सक्रिय हो जाएगा। फास्टैग वार्षिक पास राष्ट्रीय राजमार्ग उपयोगकर्ताओं को एक सहज और किफायती यात्रा विकल्प प्रदान करता है और यह पूरे भारत में लगभग 1,150 टोल प्लाजा पर लागू है।
क्या हैं इस पास के लाभ?
यह वार्षिक पास, एक वर्ष की वैधता या 200 टोल प्लाजा क्रॉसिंग के लिए 3,000 रुपये के एकमुश्त शुल्क भुगतान के माध्यम से फास्टैग को बार-बार रिचार्ज करने की आवश्यकता को समाप्त करता है। यह पास वैध फास्टैग वाले सभी गैर-व्यावसायिक वाहनों के लिए लागू है। राजमार्गयात्रा ऐप के माध्यम से एकमुश्त शुल्क का भुगतान करने के बाद, वाहन से जुड़े मौजूदा फास्टैग पर वार्षिक पास दो घंटे के भीतर सक्रिय हो जाता है।

इसी वर्ष हुई इस पास की शुरुआत
फास्टैग वार्षिक पास की शुरुआत 15 अगस्त 2025 को की गई थी। दो महीनों के भीतर ही लगभग 5.67 करोड़ लेनदेन दर्ज करके सरकार के इस अभियान ने पच्चीस लाख उपयोगकर्ताओं का ऐतिहासिक आंकड़ा पार कर लिया।




