नई दिल्ली। गोवा अग्निकांड के बाद थाईलैंड भागे नाइट क्लब के मालिक लूथरा ब्रदर्स को हिरासत में ले लिया गया है। थाईलैंड पुलिस ने गिरफ्तार दोनों भारतीय भाइयों की तस्वीरें जारी की हैं, जिनमें वे हाथों में हथकड़ी लगाए हुए दिखाई दे रहे हैं और अपने पासपोर्ट थामे हुए हैं।
जल्द आएगा भारत
सूत्रों के अनुसार, भारत से एक अधिकारी टीम थाईलैंड के लिए रवाना हो चुकी है और संभावना है कि अगले 24 घंटे के अंदर दोनों भाइयों को भारत वापस लाया जाएगा। भारत पहुंचने के बाद गोवा पुलिस उन्हें अपनी हिरासत में ले सकती है। बता दें कि गोवा के बिर्च नाइट क्लब में 6 दिसंबर को लगी आग में 25 लोगों की मौत हो गई थी। घटना के बाद दोनों भाई भारत से भागकर थाईलैंड चले गए थे। उन पर गैर-इरादतन हत्या और लापरवाही से मौत के मामले दर्ज हैं।
इंटरपोल से किया था अनुरोध
गोवा पुलिस ने विदेश मंत्रालय और सीबीआई की मदद से इंटरनेशनल क्रिमिनल पुलिस ऑर्गेनाइजेशन (इंटरपोल) से उनकी गिरफ्तारी का अनुरोध किया था। इसके बाद इंटरपोल ने उनके खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया था। जांच एजेंसियों के अनुसार, सौरभ और गौरव लूथरा ने थाईलैंड जाने के लिए फ्लाइट टिकट उसी समय बुक किए, जब गोवा में उनके नाइट क्लब में आग बुझाने और अंदर फंसे लोगों को बचाने के लिए फायर ब्रिगेड की टीम प्रयास कर रही थी।
ये भी पढ़ें-इंडिगो संकट से दिल्ली को 1000 करोड़ का नुकसान
आग लगने के समय ही बुक कर लिया था टिकट
अधिकारियों ने बताया कि दोनों भाइयों ने 6-7 दिसंबर की रात 1:17 बजे एक ऑनलाइन ट्रैवल कंपनी की वेबसाइट पर लॉग इन कर टिकट बुक किए। इसके बाद वे सुबह 5:30 बजे इंडिगो की उड़ान 6E 1073 से दिल्ली से फुकेट के लिए रवाना हो गए।



