नई दिल्ली: ऑल इंडिया मोटर एंड गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र कपूर ने कहा कि खाड़ी देशों में उत्पन्न तनावपूर्ण परिस्थितियों को लेकर देश के भीतर ईंधन आपूर्ति और श्रमिक वर्ग से जुड़ी अफवाहों पर स्पष्ट किया गया है कि भारत में पेट्रोल, डीज़ल और गैस की उपलब्धता पूरी तरह सामान्य और निर्बाध बनी हुई है। संबंधित पक्षों ने कहा है कि वर्तमान में किसी भी प्रकार की कमी या आपूर्ति बाधा की स्थिति नहीं है।
परिवहन और औद्योगिक गतिविधियां सामान्य
जानकारी के अनुसार, परिवहन क्षेत्र, जो देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ माना जाता है पूरी तरह सुचारु रूप से संचालित हो रहा है। ट्रांसपोर्ट कारोबारियों, व्यापारिक संस्थानों और उद्योगों से मिले फीडबैक के मुताबिक कहीं भी संचालन में रुकावट या कार्यप्रवाह में कमी के संकेत नहीं मिले हैं।

अफवाह फैलाने वालों पर उठे सवाल
स्पष्टीकरण में कहा गया है कि कुछ राजनीतिक दल और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म बिना तथ्य के भ्रामक जानकारी फैला रहे हैं, जिससे खासकर श्रमिक वर्ग में भ्रम की स्थिति पैदा करने की कोशिश हो रही है। इसे गैर-जिम्मेदाराना बताते हुए कहा गया कि इस तरह की सूचनाएं सामाजिक स्थिरता को प्रभावित कर सकती हैं।
श्रमिक वर्ग पूरी तरह सामान्य स्थिति में
यह भी स्पष्ट किया गया कि परिवहन, फैक्ट्रियों, बाजारों और सार्वजनिक परिवहन से जुड़े श्रमिकों में किसी प्रकार का भय, असुरक्षा या पलायन की स्थिति नहीं है। सभी वर्ग सामान्य रूप से अपने कार्यों में लगे हुए हैं और व्यवस्था सुचारु बनी हुई है।उन्होंने मीडिया से आग्रह किया है कि केवल सत्यापित और प्रमाणिक जानकारी ही प्रसारित की जाए, ताकि देश में अनावश्यक भय का माहौल न बने।
सरकार पर भरोसा बनाए रखने की अपील
बयान में कहा गया है कि केंद्र सरकार किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सक्षम है और आमजन, श्रमिकों व व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाएगी। अंत में सभी नागरिकों से अपील की गई है कि वे अफवाहों से दूर रहें, केवल विश्वसनीय स्रोतों पर भरोसा करें और देशहित में शांति, संयम और एकजुटता बनाए रखें।



