नयी दिल्ली: केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मुंबई में आयोजित ‘सड़क सुरक्षा अभियान दो हजार छब्बीस’ को संबोधित करते हुए देशवासियों से सड़कों को सुरक्षित और अनुशासित बनाने हेतु एक राष्ट्रव्यापी आंदोलन शुरू करने का आह्वान किया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सड़क सुरक्षा केवल यातायात के नियमों का पालन करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक जीवन के प्रति सम्मान, जिम्मेदारी और संवेदनशीलता की संस्कृति को अपनाने से जुड़ी है।
समारोह के दौरान गडकरी ने कहा कि सड़क पर चलने वाले हर व्यक्ति का जीवन अनमोल है और इसे सुरक्षित रखना हम सबकी सामूहिक नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे यातायात कानूनों का सख्ती से पालन करें। इस अभियान को और अधिक प्रभावशाली बनाने के लिए उन्होंने श्री अमिताभ बच्चन, शंकर महादेवन, आलिया भट्ट, विक्की कौशल, के.के. मेनन और स्वानंद किरकिरे जैसी जानी-मानी हस्तियों का आभार व्यक्त किया, जो अपनी आवाज और व्यक्तित्व के माध्यम से देश के करोड़ों युवाओं और नागरिकों को प्रेरित कर रहे हैं।



