नई दिल्ली: बीएसएनल (BSNL) का भी एक दौर था। तब लोग उसका सिमकार्ड लेने के लिए घंटों लाइन में खड़े होते थे लेकिन पिछले कुछ वर्षों में नेटवर्क कमजोर होने से उसके पुराने ग्राहक दूसरे नेटवर्क में शिफ्ट हो गए। बीएसएनएल अब अपने पुराने ग्राहकों को दोबारा लाने के लिए कवायद कर रहा है। अपना नेटवर्क सिस्टम मजबूत कर रहा है। खास बात यह है कि वह अपने ग्राहकों को धोखाधड़ी वाली कॉल से बचाने के लिए भी पहल कर रहा है। अब वह अपने पुराने ग्राहकों से जुड़ेगा। कंपनी ने इसका खाका तैयार कर लिया है।
यह बातें मंगलवार को हुई समीक्षा बैठक में निकल आईं। इसमें केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने बीएसएनएल की परिचालन प्रगति की। क्षेत्रीय चुनौतियों का समाधान किया गया और कंपनी के नेटवर्क एवं सेवा वितरण के लिए आगे की रणनीति की रूपरेखा तैयार की गई। इस बैठक में संचार राज्य मंत्री श्री पेम्मासानी चंद्रशेखर और दूरसंचार विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। सिंधिया ने बताया कि बैठक में दूरसंचार क्षेत्र में बीएसएनएल की भूमिका को मजबूत करने, बुनियादी ढांचे के निर्माण में तेजी लाने और नागरिक-केंद्रित सेवा वितरण को बढ़ाने पर चर्चा हुई।
इन पॉइंट पर है कंपनी का फोकस
- ग्रामीण, शहरी, उद्यम और खुदरा क्षेत्रों में ग्राहकों के साथ फिर से जुड़ना।
- मोबाइल नेटवर्क और फाइबर-टू-द-होम (एफटीटीएच) में सेवा की क्वाॉलिटी (क्यूओएस) में सुधार लाना।
- बिलिंग, प्रावधान और नेटवर्क अपटाइम में ग्राहकों की शिकायतों का समाधान करना।
- प्रत्येक परिचालन स्तर पर “राजस्व-प्रथम” लक्ष्यों के साथ जवाबदेही को बढ़ावा देना।
- कनेक्टिविटी, वीपीएन समाधान, लीज्ड लाइन सेवाएं और अन्य नए व्यावसायिक अवसरों जैसी उद्यम सेवाओं का विस्तार करना।
क्या है नई पहल
- कई दूरसंचार सर्किलों में 4जी का विस्तार और रोलआउट।
- अगली पीढ़ी के इन्फोटेनमेंट के लिए मोबाइल ग्राहकों के लिए एफटीटीएच और बीआईटीवी प्लेटफॉर्म के लिए आईएफटीवी की शुरुआत।
- बीएसएनएल राष्ट्रीय वाई-फाई रोमिंग (ग्राहकों के लिए राष्ट्रव्यापी वाई-फाई रोमिंग सेवा)।
- उद्यम और सरकारी ग्राहकों के लिए अनुकूलित बीएसएनएल वीपीएन सेवाएं और बंडल पैकेज।
- मिशन-महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे में उच्च-विश्वसनीयता कनेक्टिविटी के लिए सीएनपीएन परियोजनाएं (निजी नेटवर्क पहल)।
- स्पैम-मुक्त नेटवर्कः घोटाले और स्पैम संचार को तत्क्षण समाप्त करने के लिए अपनी तरह का पहला समाधान।
- बीबीए (बीएसएनएल बिजनेस एसोसिएट) के लिए ऑनलाइन पोर्टल शुरू किया गया है, जिससे शिक्षित युवा बीएसएनएल बिक्री चैनल को मजबूत बनाने और बिक्री कमीशन अर्जित करने में सक्षम होंगे।
विकास और मॉडर्नाइजेशन पर जोर
समीक्षा के दौरान बीएसएनएल की विकास रणनीति, नेटवर्क प्रदर्शन में सुधार, ग्राहक सेवा वितरण और संगठनात्मक आधुनिकीकरण पर व्यापक चर्चा हुई। इस व्यापक चर्चा ने बीएसएनएल की एक उपभोक्ता-केंद्रित दूरसंचार सेवा प्रदाता के रूप में स्थिति को और मज़बूत किया, जिसका स्पष्ट लक्ष्य सभी व्यावसायिक इकाइयों में “राजस्व सर्वोपरि” है।
जवाबदेही हो रही तय
बीएसएनएल अपने सभी सर्किलों, व्यावसायिक क्षेत्रों और इकाइयों में सेवाओं में बड़े बदलाव के दौर से गुज़र रहा है। अपने “ग्राहक सर्वप्रथम” सिद्धांत को आगे रखने के लिए बीएसएनएल सक्रिय ग्राहक जुड़ाव, बेहतर सेवा जवाबदेही और त्वरित शिकायत निवारण पर ज़ोर दे रहा है।
नए सिरे से प्रयास
बीएसएनल अब डिजिटल रूप से सशक्त, सेवा-उन्मुख और वित्तीय रूप से टिकाऊ दूरसंचार ऑपरेटर बनने के लिए नए सिरे से प्रयास कर रहा है। कंपनी पूरे देश में आधुनिक दूरसंचार सेवाओं और बुनियादी ढांचे का विस्तार करके “भारत’ को जोड़ने और सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।



