नई दिल्ली | राजधानी दिल्ली के जरूरतमंदों, श्रमिकों और विद्यार्थियों के लिए एक बड़ी राहत की खबर है। भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में दिल्ली में ‘अटल कैंटीन’ योजना का विस्तार किया जा रहा है।
भाजपा शाहदरा जिला प्रवक्ता एडवोकेट भारत गौड़ ने बताया कि इस योजना के तहत अब तक दिल्ली में 45 कैंटीनें काम कर रही हैं, जिनकी संख्या कल से बढ़कर 70 हो जाएगी।

कृष्णा नगर से होगा 25 नई कैंटीनों का शुभारंभ
कल दिल्ली के उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता कृष्णा नगर विधानसभा क्षेत्र की नर्सरी सफेदा झुग्गी में 25 नई अटल कैंटीनों का उद्घाटन करेंगे। इस गरिमामयी अवसर पर दिल्ली के गृह मंत्री आशीष सूद, केंद्रीय राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा, ज़िला अध्यक्ष दीपक गाबा और क्षेत्रीय विधायक डॉ. अनिल गोयल भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
मात्र 5 रुपये में पौष्टिक आहार
“अटल कैंटीन” का मुख्य लक्ष्य अंत्योदय के सिद्धांत पर चलते हुए यह सुनिश्चित करना है कि दिल्ली में कोई भी व्यक्ति भूखा न रहे।
- थाली का स्वरूप: मात्र ₹5 में दाल, सब्जी, चावल और रोटी युक्त संतुलित आहार मिलेगा।
- प्राथमिकता: स्वच्छता, भोजन की गुणवत्ता और वितरण में पारदर्शिता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
- स्थान: ये कैंटीनें प्रमुख बाजारों, औद्योगिक क्षेत्रों, अस्पतालों और झुग्गी-बस्तियों के पास स्थापित की जा रही हैं।
रोजगार और महिला सशक्तिकरण का मेल
एडवोकेट भारत गौड़ ने बताया कि यह योजना केवल भोजन उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है। इन कैंटीनों के संचालन में महिला स्वयं सहायता समूहों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे स्थानीय स्तर पर महिलाओं और युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे।
दिल्लीवासियों ने भाजपा सरकार की इस पहल का ऐतिहासिक बताते हुए स्वागत किया है। आने वाले समय में दिल्ली में ऐसी कुल 100 कैंटीनें खोलने का लक्ष्य रखा गया है।



